लखनपुर बीजू जनता दल में विद्रोह
लखनपुर ब्लॉक के कुरेमाल पंचायत में 2.27 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित या˜
संसू, बेलपहाड़ : लखनपुर ब्लॉक के कुरेमाल पंचायत में 2.27 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यात्री निवास का लोकापर्ण कार्यक्रम विवादों में घिर गया है। यात्री निवास के लोकापर्ण व इस्पात मंत्री प्रफुल्ल मल्लिक के आगमन की सूचना नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए बीजू जनता दल (बीजद) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से शिकायत की है। झारसुगुड़ा जिला बीजद के उपाध्यक्ष रविराय प्रधान ने बताया कि हमे किसी पदाधिकारी ने मंत्री के आने की सूचना नहीं दी। इस पूरे दौरे को एक व्यक्ति संचालित कर रहा था। लिहाजा एक सौ से अधिक बीजद कार्यकर्ता तथा पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर जाकर खनिज तथा इस्पात मंत्री प्रफुल्ल मल्लिक से मिलकर अपना विरोध दर्ज कराया। उनसे मिलने का समय मांगा तो मंत्री ने कार्यक्रम के बाद मिलने को कहा। लेकिन पुराने आइबी में काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद वे नहीं आए। बाद में पता चला कि उन्हें एक स्थानीय नेता झारसुगुड़ा लेकर चला गया है। लिहाजा मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया। राय ने चेताया है कि ऐसे हालात रहे तो सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी बीजद छोड़ देंगे।
उल्लेखनीय है कि ब्रजराजनगर विधानसभा में बीजद में हमेशा से गुटों की राजनीति होती रही है और यह इसका ताजा उदाहरण है और अगर जल्द ही इस मसले पर ध्यान नही दिया गया तो आने वाले चुनाव में बीजद को नुकसान उठाना पड़ सकता है। विरोध करने वालों में लखनपुर ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू, सचिव प्रमोद गर्तिया,जिला उपाध्यक्ष रविराम प्रधान,जिला सचिव संजीव प्रधान, पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र जायसवाल, गयानंद भयर, युवा अध्यक्ष पदमलोचन भोई समेत दर्जनों लोग शामिल थे।