पुलिस के हत्थे चढ़े पांच डकैत
बीते मंगलवार को एक ही दिन में चार डकैती व लूट की घटना से जिलावासिया
संसू, झारसुगुड़ा : बीते मंगलवार को एक ही दिन में चार डकैती व लूट की घटना से जिलावासियों में खौफ का माहौल है। लैयकरा थाना अंतर्गत बागडीही स्थित पेट्रोल पंप मालिक के घर में दिनदिहाड़े सशस्त्र डकैती की घटना में पुलिस पांच लोगों को पकड़ लिया है। इसमें डकैती के बाद राउरकेला से होकर फरार होने की कोशिश कर रहे दो डकैतों को राउरकेला पुलिस ने पकड़ा है तो तीन को झारसुगुड़ा पुलिस की एक टीम ने पीछा कर दबोचने में सफलता पायी है। सूत्रों की माने तो पुलिस इन पांचों को अज्ञात जगह पर रखकर पूछताछ कर रही है। हालांकि इस संबंध में कुछ बोलने से पुलिस बच रही है।
उल्लेखनीय है कि बागडीही निवासी पेट्रोल पंप मालिक दौलत राम बाधान के घर हुई डकैती में सभी डकैत झारखंडी भाषा में बातचीत कर रहे थे। इसी आधार पर पुलिस झारखंड व छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा पर कड़ी चौकसी कर रही थी। पुलिस को आशंका थी कि डकैत राउरकेला होकर झारखंड भागने का प्रयास जरूर करेंगे और पुलिस का शक सही निकला। राउरकेला से होकर भागने का प्रयास कर रहे दो डकैतों को राउरकेला पुलिस व तीन को झारसुगुड़ा पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। बताया जाता है कि पुलिस की कुछ टीमें राज्य के बाहर भी डकैतों की तलाश में भेजी गई हैं।
----------------
कोट
अभी जांच चल रही है और पुलिस टीम राज्य के बाहर भी गई है। अतिशीघ्र डकैतों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अश्वनी कुमार महांती, पुलिस अधीक्षक