देश में पहली बार दौड़ी सुपर एनाकोंडा मालगाड़ी
भारतीय रेलवे ने 177 बोगी वाली दो किलोमीटर लंबी मालगाड़ी चलाकर नया रिकॉर्ड बनाया है।
संवाद सूत्र, ब्रजराजनगर (झारसुगुड़ा) : भारतीय रेलवे ने 177 बोगी वाली दो किलोमीटर लंबी मालगाड़ी चलाकर नया रिकॉर्ड बनाया है। ओडिशा के ब्रजराजनगर के लजकुरा से चली यह ट्रेन राउरकेला के बिसरा तक पटरी पर दौड़ाई गई। इसमें 15 हजार टन माल लदे थे। तीन मालगाड़ियों को मिलाकर तैयार इस मालगाड़ी से रेलवे के बिलासपुर व चक्रधरपुर मंडल ने इससे एक करोड़ से अधिक मूल्य की सामग्री की ढुलाई की है। रेलवे द्वारा समय की बचत के लिए किया गया यह प्रयोग सफल रहा। सबसे रोचक तथ्य यह है कि देश के सबसे व्यस्त मार्ग पर इसे दौड़ाया गया। रविवार दोपहर डेढ़ बजे चली यह ट्रेन करीब पौने चार बजे राउरकेला पहुंची। इसको चलाने के लिए छह हजार हार्स पावर की क्षमता वाले तीन इंजन लगाए गए थे। इसे चलाने का दायित्व धीरज कुमार, रोनित रॉय तथा राजू कुमार को दिया गया था। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भी इस ट्रेन का वीडियो शेयर करते हुए इसे सुपर एनाकोंडा बताते हुए इसे भारतीय रेलवे के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि बताया है।