कांग्रेस प्रत्याशी नहीं तो वोट बहिष्कार
ब्रजराजनगर विधानसभा क्षेत्र से भाकपा प्रत्याशी को टिकट देने की अटकलों को लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष व्याप्त है।
संवादसूत्र, ब्रजराजनगर : ब्रजराजनगर विधानसभा क्षेत्र से भाकपा प्रत्याशी को टिकट देने की अटकलों को लेकर स्थानीय कांग्रेसियों में असंतोष व्याप्त है। इसे लेकर रविवार शाम को ब्रजराजनगर नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद कुमार पंडा की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें पार्टी के बेलपहाड़ अध्यक्ष बुलू पंडा, लखनपुर के सनत कुमार सिंह समेत ज्योति मिश्र, संजुक्ता महापात्र, किरण दास, संजय सिंह, जगदीश पुरोहित समेत 19 खंड मौजा के कनकतोरा, कुमारबंध, तिलिया, गुड़ियाली, ईब थर्मल तथा राजपुर आदि क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह इलाका कांग्रेस का गढ़ रहा है एवं लगातार चार बार यहां से पार्टी जीती है। सिर्फ 2014 के चुनाव में भाजपा की राधारानी पंडा को मामूली मतों से जीत मिली थी। ऐसी स्थिति में अगर यह सीट भाकपा को दी गयी तो यह दल के साथ अन्याय होगा। अगर पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं का आदर करते हुए कांग्रेस इस सीट पर अपना कोई उम्मीदवार नहीं उतारती है तो कार्यकर्ताओ द्वारा मतदान का बहिष्कार करने या किसी कार्यकर्ता को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला लिया गया।