झारसुगुड़ा जिले में मिले 12 कोरोना संक्रमित
संसू ब्रजराजनगर झारसुगुड़ा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बीते 24 घंटे में 12 कोरोना संक्रमित
संसू, ब्रजराजनगर : झारसुगुड़ा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बीते 24 घंटे में 12 कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई है। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार इस अवधि में झारसुगुड़ा नगरपालिका क्षेत्र से छह, ब्रजराजनगर नगरपालिका क्षेत्र से एक, झारसुगुड़ा प्रखंड इलाके से एक, लखनपुर प्रखंड से तीन तथा लइकेरा प्रखंड क्षेत्र से एक संक्रमित पाया गया है। इस अवधि में जिले की बेलपहाड़ नगरपालिका तथा कोलाबीरा एवं किरमिरा प्रखंड से किसी के भी संक्रमित नहीं पाए जाने की जानकारी मिली है।
संबलपुर जिले में कोरोना संक्रमण के 19 नए मामले
संवाद सूत्र, संबलपुर : संबलपुर जिले में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 19 नए मामले सामने आए। इनमें 16 संबलपुर महानगर निगम इलाके और तीन विभिन्न प्रखंड क्षेत्र के हैं। संक्रमितों में 13 पुरुष और छह महिलाएं हैं, जिनकी उम्र 17 से 80 वर्ष के बीच है। जिला प्रशासन के सूत्र के अनुसार, महानगर निगम अंतर्गत उपनगर बुर्ला से सर्वाधिक 10 और उपनगर हीराकुद से चार संक्रमितों समेत गोपालमाल से दो संक्रमित मिले। इसी तरह, जिले के रेंगाली ब्लॉक से दो और कुचिडा ब्लॉक से एक संक्रमित की पहचान हुई। सभी को कोविड अस्पताल भेज दिया गया है।
तालाब में डूबने से दिव्यांग नाबालिग की मौत
संवाद सूत्र, संबलपुर : स्टेशनपाड़ा स्थित तालाब में डूबने से एक दिव्यांग नाबालिग की मौत हो गई। मृतक का नाम रोहन हरिपाल बताया गया है। रविवार को उसका शव तालाब में उतराते देख लोगों ने पुलिस को सूचित किया था। मौके पर पहुंची खेतराजपुर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए बुर्ला हॉस्पिटल भेजा जहां से पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसके घरवालों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, स्टेशनपाड़ा निवासी भीष्म हरिपाल का 17 वर्षीय दिव्यांग पुत्र रोहन स्नान करने तालाब में गया था और स्नान करते समय डूब गया था।