छठ पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
जागरण संवाददाता, ब्रजराजनगर : नगर के विभिन्न तालाबों एवं नदी घाटों पर गत गुरुवार की सुबह उगते सूर्य
जागरण संवाददाता, ब्रजराजनगर : नगर के विभिन्न तालाबों एवं नदी घाटों पर गत गुरुवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। गत बुधवार की शाम मंडलिया के तालाब पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रतधारियों की भारी भीड़ जुटी। दोपहर से ही श्रद्धालुओं शहर के विभिन्न घाटों पर पहुंचना प्रारंभ कर दिया था।
मंडलिया तालाब के आसपास के इलाके को छठ पूजा के लिए विशेष रूप से साफ-सूथरा किया गया था। व्रतधारियों में इलाके की पार्षद किरण दास भी सपरिवार शामिल हुई। स्थानीय विधायक राधारानी पंडा ने भी अपने समर्थकों के साथ तालाब के चारों ओर घाटों का परिदर्शन करते हुए व्रतधारियों का उत्साह बढ़ाया। घाट पर एमसीएल ओरिएंट क्षेत्र के महाप्रबंधक बीसी त्रिपाठी, ईब घाटी क्षेत्र के महाप्रबंधक राजेंद्र प्रसाद गुप्ता तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी दीपक श्रीवास्तव ने भी घाट पर अपनी उपस्थिति दर्ज की। इसी तरह ईब नदी के ओपीएम घाट पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। अतीत में इस पर्व को सिर्फ बिहार एवं उत्तर प्रदेश तक सीमित रखा गया था लेकिन अब हर जाति एवं संप्रदाय के लोगों की आस्था के चलते पूरे देश में यह महापर्व मनाया जाता है।