अमित शाह ने किया पटनायक सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान
शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के हत्याकारियों को पाताल से ढूंढ़कर जेल की सलाखों के पीछे ढकेल दिया जाएगा।
भुवनेश्वर, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बलांगीर में आयोजित जनसभा में युवाओं को परिवर्तन का संकल्प दिलाने के साथ जले हुए ट्रांसफार्मर की तरह उखाड़ फेंकने का आह्वान किया है। शाह ने कहा कि नवीन पटनायक सरकार को पता चल गया है कि 2019 में राज्य में भाजपा की सरकार बनने जा रही है, इससे वह हिंसात्मक हो गई है। एक साल में 14 भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई है। शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के हत्याकारियों को पाताल से ढूंढ़कर जेल की सलाखों के पीछे ढकेल दिया जाएगा।
शाह ने अपने भाषण की शुरूआत जयश्रीराम के साथ की। उन्होंने कहा कि बुधवार को पूरा दिन मैंने ओडि़शा था, सरकार बनाने की बात की। नवीन बाबू ने मीडिया के जरिए संदेश दिया है अमित शाह अब 120 सीट की बात नहीं कर रहे हैं, मैं नवीन बाबू को बता देना चाहता हूं कि अब 120 सीट से ज्यादा हमें मिलने वाली है। त्रिपुरा में हमारी सरकार बनने जा रही है। नवीन बाबू आप युवाओं से घबरा गए हैं कि इतना बड़ा युवा एकत्र हो गया है आगे क्या होगा। नवीन बाबू कब तक हत्यारों को बचाओगे, भाजपा की सरकार बनी तो पाताल से निकालकर उन्हें जेल के सलाखों में डाल दिया जाएगा। भाजपा हिंसा में विश्वास नहीं करती है। मैं युवाओं से आह्वान करता हूं कि घर-घर जाइए, युवाओं के पलायन, फ्लोराइड युक्त पानी आदि की जानकारी लोगों को दें।
शाह ने कहा कि मैं एक गांव में गया जहां फ्लोराइड की मात्रा इतनी ज्यादा है कि पूरे गांव के युवाओं के बाल पक गए हैं, युवा बूढ़े दिखाई दे रहे हैं। नवीन बाबू एक चेक डैम नदी पर बना दिया होता तो इन युवाओं को जवानी में ही बूढ़ा नहीं दिखना पड़ता। शाह ने कहा कि एक चैक डैम बनाने का आश्वासन धर्मेन्द्र प्रदान ने भारत सरकार की तरफ दिया है।
शाह ने कहा कि केबीके के जिन गांवों में गया वहां का हर व्यक्ति कहता है कि हमारे घर के बच्चे गांव छोड़कर चले गए हैं। देश के विकास में ओडि़शा के युवा के पसीने की महक आती है, मगर अफसोस है जो युवा पूरे देश का विकास कर रहा है, वह युवा ओडि़शा का विकास नहीं कर पा रहा है क्योंकि यहां पर निकम्मी फिसड्डी सरकार बैठी है, जो युवाओं को मौका नहीं देती है। मैं आह्वान करता हूं कि इस सरकार को बदल दो हम ऐसी सरकार देंगे जो युवाओं को ओडि़शा के अन्दर रोजगार देंगी। राज्य में 33 प्रतिशत यहां सिचाई की व्यवस्था है, मगर पश्चिमी ओडि़शा में केवल 11 प्रतिशत सिंचाई की व्यवस्था है। यह पश्चिमी ओडि़शा के साथ अन्याय है। नवीन पटनायक सरकार ने पश्चिमी ओडि़शा के युवाओं के साथ अन्याय किया है।
भाजपा पश्चिम ओडि़शा का विकास विशेष ध्यान देगी। नरेन्द्र मोदी सरकार ने देश किसानों के लिए उनके फसल का डेढ़ गुना कीमत देकर बड़ा निर्णय लिया है। नरेन्द्र मोदी सरकार 1 करोड़ युवाओं को स्कील इंडिया के तहत नौकरी देने का काम किया है। शाह ने कहा कि ओडि़शा को 1 लाख 32 हजार करोड़ रुपया ज्यादा देने का काम मोदी सरकार ने किया है। लोगों के लिए 116 योजनाएं हमारी सरकार चला रखी है। नवीन बाबू हम आपको हिसाब नहीं यहां की जनता को देने आया हूं। ओडि़शा सरकार केन्द्र की योजनाओं लोगों तक पहुंचने नहीं दे रही है। नवीन पटनायक की ओडि़शा सरकार का ट्रांसफार्मर जल गया है, उसे उखाड़कर फेंक दो।
इससे पहले केन्द्र मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि ओडि़शा के विकास के लिए दिल्ली की मोदी सरकार ने खजाना खोल दिया है। प्रधानमंत्री का मानना है कि जब तक पूर्वी भारत का विकास नहीं होगा तब तक भारत का विकास नहीं होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना में 70 हजार से अनुदान बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपया कर दिया गया है। प्रधानमंत्री सड़क योजना, स्वास्थ्य सेवा के लिए बलांगीर में मेडिकल कालेज खोला जा रहा है। यह नरेन्द्र मोदी की सरकरा कर रही है। केन्द्रीय योजनाओं को ओडि़शा सरकार लूट कर रही है। प्रधानमंत्री के कल्पना का नया भारत बनाने का दायित्व ओडि़शा के युवा लेंगे। विगत सालों में ओडि़शा में राजनीतिक हिंसा बढ़ी है, हिंसा का जवबा हिंसा नहीं है। हिंसा का जवाब संघवद्ध राजनीतिक माध्यम से दिया जाएगा।
हमारे कार्यकर्ताओं ने इस संघर्ष में अपना जीवन दे दिया है। जनतंत्र में जिसका विश्वास नहीं है, वे आज रक्तमुखा हो गए हैं। बूथ स्तर पर संगठित होकर बुलेट का उत्तर बैलेट के माध्यम से देने के लिए युवाओं से आह्वान किया। भाजपा लम्बी राजनीतिक विचारधारा को लेकर काम करती है। भाजपा समाज के विकास का दायित्व लेने वाला संगठन है। ओडि़शा सरकार शुद्ध पेयजल तक नहीं दे पा रही है। अप्रैल मई जून इन तीन महीनों में जलछत्र लगाकर लोगों का सेवा करने करने का आह्वान किया। नूतन भारत वर्ष निर्माण के लिए ओडि़शा के युवा नेतृत्व लेंगे ऐसा मुझे उम्मीद है। इस अवसर पर पर केन्द्र मंत्री जुएल ओराम, प्रदेश अध्यक्ष बसंत पंडा, विधायक दल नेता केवी.सिंहदेव, सौदान सिंह, अनिल जैन, अरूण सिंह, संवित पात्र, श्रीमती संगीता सिंहदेव आदि ने भी सभा को सम्बोधित किया।