सर्विस रिवाल्वर से चली गोली, कांस्टेबल समेत पांच गिरफ्तार
क्योंझर जिला पुलिस में कार्यरत कांस्टेबल टिकेश्वर महंत कटक के एक होटल में अपने दोस्तों को सर्विस रिवाल्वर दिखा रहा था तभी अचानक गोली चल जाने से पास खड़ा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
संसू, कटक : क्योंझर जिला पुलिस में कार्यरत कांस्टेबल टिकेश्वर महंत कटक के एक होटल में अपने दोस्तों को सर्विस रिवाल्वर दिखा रहा था तभी अचानक गोली चल जाने से पास खड़ा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कांस्टेबल ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरे मामले को दबाने की कोशिश की लेकिन नाकामयाब रहा। सूचना मिलते ही मालगोदाम पुलिस ने होटल पहुंचकर कांस्टेबल के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार कर कर लिया हे।
घटनाक्रम के अनुसार, क्योंझर जिला पुलिस में कार्यरत कांस्टेबल टिकेश्वर महंत अपने अन्य दो साथियों के साथ एक मरीज को लेकर रामचंद्र भंज (एससीबी) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में विगत 25 फरवरी को पहुंचा था जहां उसका इलाज चल रहा था। ऐसे में टिकेश्वर और उनके साथी कटक कॉलेज चौक में मौजूद एक होटल में ठहरने के लिए पहुंचे। यहां टिकेश्वर अपने अन्य तीन साथियों के साथ रूम बुक करने के लिए बात कर रहा था। तभी सुनील नामक एक युवक होटल मालिक राजकिशोर महांती से मिलने वहां पहुंचा। उस समय टिकेश्वर सर्विस रिवाल्वर कैसे चलाई जाती है, अपने दोस्तों को सिखा रहा था। तभी गोली चल गई और सुनील के पेट में जा लगी जिससे वह वहीं गिर गया। गोली की आवाज सुनकर होटल में अफरातफरी मच गई। यह देख होटल मैनेजर व कांस्टेबल आदि ने पूरे मामले को दबाने का प्रयास शुरू किया। घायल को पैसे देकर घटना का सुलटाने की भी कोशिश की लेकिन सुनील ने इस बारे में अपने बहनोई के शंकर राव को फोन कर पूरी बात बता दी। वह तुरंत होटल पहुंचे तथा लहूलुहान सुनील को एससीबी मेडिकल में इलाज के लिए भर्ती किया जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी गई है। घायल के बहनोई द्वारा मालगोदाम थाना में मामला दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने होटल पहुंचकर आरोपित कांस्टेबल समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।