Odisha Crime News: किराए के मकान में चल रहा था जिस्मफरोशी का धंधा, महिला सहित 3 आरोपी गिरफ्तार
Odisha Crime News अनुगुल शहर के तुरंग इलाके के दुर्गा विहार स्थित एक किराए के मकान में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपितों को शुक्रवार के दिन गिरफ्तार किया।
संबलपुर, संवाद सूत्र। ओडिशा के अनुगुल शहर के तुरंग इलाके के दुर्गा विहार स्थित एक किराए के मकान में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपितों को शुक्रवार के दिन गिरफ्तार किया।
तलाकशुदा और मजबूर महिलाएं थी शामिल
पूछताछ के बाद तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस छापेमारी के दौरान पकड़ाई देह व्यवसाय करने वाली ढेंकानाल जिला और खोर्द्धा जिला की दो महिलाओं को उनके परिवार को सौंप दिया गया। बताया गया है कि यह धंधा मजबूर और तलाकशुदा महिलाओं को लेकर चलाया जा रहा था।
मौके से आपत्तिजनक सामग्री जब्त
अनुगुल पुलिस के सूत्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार- शुक्रवार की रात इस रैकेट की गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंग के दुर्गा विहार इलाके के एक किराए के मकान पर औचक छापेमारी कर वहां मौजूद किराएदार बलराम शत्पथी, देवगढ़ जिला की एक महिला, अनुगुल शहर के एक व्यवसायी लक्ष्मीकांत महांती समेत ढेंकानाल और खोर्द्धा जिला की दो तलाकशुदा महिलाओं को पकड़ने समेत उस मकान से कई आपत्तिजनक सामान और डायरी आदि जब्त किए।
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि देह व्यापार अनुगुल जिला ठाकुरगढ़ थाना इलाके का बलराम शत्पथी और देवगढ़ जिला की एक महिला मिलकर चला रहे थे। इस अनैतिक कार्य के लिए यह दोनों मजबूर, असहाय और तलाकशुदा महिलाओं को काम पर लगाते थे।
प्रेमी के साथ रह रही थी महिला
देवगढ़ जिले की महिला अपने पति को छोड़कर अपने दो बच्चों के साथ प्रेमी के साथ भागकर अनुगुल आ गई थी और एक निजी हॉस्पिटल में काम करती थी। कुछ महीने बाद उसका प्रेमी भी उसे छोड़कर भाग गया था।
इसी दौरान हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती बलराम से उसकी जान-पहचान हुई। पेशे से ड्राइवर बलराम और उस महिला ने मिलकर कमाई का सहज रास्ता चुना और तलाकशुदा महिलाओं के साथ मिलकर देह व्यापार का धंधा शुरु कर दिया।