अंदरूनी समझौता कर सकते हैं पटनायक ब्रदर्स
पटनायक ब्रदर्स (बीजू जनता दल यानी बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक एवं राज्य क
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : पटनायक ब्रदर्स (बीजू जनता दल यानी बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक एवं राज्य कांग्रेस अध्यक्ष निरंजन पटनायक) के बीच भारतीय जनता पार्टी को आगामी 2019 चुनाव में राज्य में सत्ता से दूर रखने के लिए अंदरूनी समझौता कर सकते हैं। यह बात केंद्रीय आदिवासी कल्याण मंत्री जुएल ओराम ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कही।
मंत्री ओराम ने कहा कि यह मैं अनुमान से कह रहा हूं क्योंकि हाल ही बीजद ने जिन सौम्यरंजन पटनायक को राज्यसभा भेजा है, उनके बारे में सबको पता है, वह पुराने कांग्रेसी थे और निरंजन पटनायक के भाई हैं। इसके अलावा दोनों ही दलों के नेता खदान घोटाले से लेकर चिटफंड घोटाले में संलिप्त हैं। ऐसे में उन्हें डर है कि यदि भाजपा की सरकार बनती है तो फिर इनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ऐसे में पटनायक बंधु भाजपा को राज्य में सत्ता से रोकने के लिए अंदरूनी समझौता कर सकते हैं। उन्होंने सोनिया और नवीन की नजदीकी का भी उदाहरण दिया।
मंत्री ओराम ने कहा कि पटनायक ब्रदर्स चाहे जितनी चाल चल लें, राज्य की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के साथ है। जनता जानती है कि प्रधानमंत्री पूर्वोत्तर राज्य खासकर ओडिशा के विकास के लिए नियमित प्रयासरत हैं। प्रधानमंत्री ने खुद कहा है कि जो ओड़िआ लोग गुजरात का विकास कर सकते हैं, वह क्या ओडिशा का विकास नहीं कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ओडिशावासियों से प्रेम करते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में बहुत सी बातें कही जाती है, की नहीं जाती है और बहुत सी बातें की जाती हैं, मगर कही नहीं जाती है। यही बीजद एवं कांग्रेस में चल रहा है। भाजपा इससे डरने वाली नहीं है। भाजपा अकेले चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी।