वेदांता का ₹1 लाख करोड़ का मेगा प्लान, ओडिशा में बनाएगा 1000 बेड का अस्पताल; लोगों को मिलेगा रोजगार
वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात की।

सीएम माझी से मुलाकात करते वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल। (जागरण)
HighLights
वेदांता के अनिल अग्रवाल ने सीएम मोहन माझी से मुलाकात की।
ओडिशा में 1 लाख करोड़ के एल्युमिनियम प्रोजेक्ट्स पर चर्चा हुई।
पश्चिम ओडिशा में 1000 बिस्तरों का अस्पताल बनाएगा वेदांता।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने शनिवार को लोकसेवा भवन में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने ओडिशा में वेदांता के एक लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावित एल्युमिनियम परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की।
वेदांता की प्रस्तावित परियोजनाओं में ढेंकानाल जिले में वार्षिक 30 लाख टन क्षमता का अत्याधुनिक एल्युमिनियम स्मेल्टर प्लांट और रायगढ़ा जिले में वार्षिक 60 लाख टन क्षमता की एल्युमिना रिफाइनरी शामिल है।
इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन के बाद कंपनी की कुल एल्युमिनियम उत्पादन क्षमता बढ़कर 60 लाख टन प्रतिवर्ष हो जाएगी।
एल्युमिनियम परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने पर चर्चा
बैठक के दौरान अनिल अग्रवाल ने झारसुगुड़ा स्थित एल्युमिनियम स्मेल्टर प्लांट की क्षमता में 10 लाख टन प्रतिवर्ष विस्तार का प्रस्ताव भी रखा।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से देश और विदेश से निवेश आकर्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार सृजन और स्थानीय विकास की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए राज्य सरकार एल्युमिनियम क्षेत्र में निवेश के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
पश्चिम ओडिशा में बनेगा 1000 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल
अनिल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि वेदांता पश्चिम ओडिशा में 1000 बिस्तरों वाला एक अत्याधुनिक अस्पताल स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि कंपनी की आगामी परियोजनाओं से प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से दो लाख से अधिक नए रोजगार अवसर सृजित होंगे।
बैठक में राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश विस्तार और रोजगार सृजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
यह भी पढ़ें- वेदांत समूह में नई पीढ़ी का नेतृत्व, प्रिया अग्रवाल हेब्बर संभालेंगी बड़ी जिम्मेदारी; अगले 200 वर्ष की तैयारी
