धर्मेंद्र प्रधान ने भुवनेश्वर के नालको नगर में शुरू की पीएनजी आपूर्ति
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा के भुवनेश्वर में नालको नगर को पीएनजी आपूर्ति शुरू की।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राजधानी भुवनेश्वर स्थित नालको नगर में 255 घर में पहली बार पाइप के जरिए रसोई गैस पहुंची है। शुक्रवार को केंद्रीय पेट्रोलियम व कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा परियोजना के अंतर्गत पाइप से गैस सप्लाई योजना का शुभारंभ किया। अपने निर्धारित लक्ष्य से 6 महीने पहले ही यह परियोजना तैयार हो गई है।
इस अवसर पर पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आशा जताई की जल्द ही लोगों को गैस सिलेंडर लेने के झंझट से निजात मिलेगी। प्रधान ने कहा कि यह परियोजना स्मार्ट और ग्रीन एनर्जी की दिशा में क्रंतिकारी कदम साबित होने वाली है। प्रथम पर्याय में भुवनेश्वर के 255 लोगों के घर में गैस संयोग दिया गया है। राज्य के 13 जिलों में पाइप के जरिए गैस सप्लाई किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
राजधानी भुवनेश्वर के नालको नगर के 255 घरों में पाइलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत पाइप के जरिए गैस सप्लाई की गई है। इससे घरों में 24 घंटे गैस की सप्लाई जारी रहेगी। घरों में मीटर लगाए गए हैं, जिससे आप अपने घर में प्रयुक्त की गई गैस के लिए बिल का भुगतान कर पाएंगे। भुवनेश्वर-कटक महानगरों में 50,000 परिवारों को पाईप के जरिए गैस सप्लाई की जाएगी।
पहले पर्याय के लिए वर्तमान साधारण मीटर लगाए गये हैं। इसके बाद इन्हें स्मार्ट मीटर में बदला जाएगा तथा आन लाइन पेमेंट की भी व्यवस्था की जाएगी। ओड़िशा में कुल 770 किलोमीटर की पाईप लाईन बिछाई जाएगी। इसकी शुरुआत भुवनेश्वर और कटक में घरों में पाइप लाइन के जरिए गैस वितरण से की जा रही है। यह दीपावली के मौके पर प्रधानमंत्री का ओडिशा के लोगों को तोहफा है। सूत्रों के अनुसार होली तक कटक में पाईप लाईन के जरिए गैस की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।
गौरतलब है कि कटक और भुवनेश्वर के 50 हजार लोगों को पाइप के जरिए रसोई गैस की सप्लाई किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। पाइप के जरिए गैस आपूर्ति योजना की पहली उपभोक्ता के तौर पर नालको की बीणापाणी नायक ने अपने घर में बर्नल जलाकर गैस का उपयोग अरंभ किया। धर्मेन्द्र प्रधान ने नालको को धन्यवाद देते हुए कहा कि नालको ने सहयोग का हाथ बढ़ाया और गैस अथारिटी के अधिकारी समय के अंदर इस कार्यक्रम को सफलता के साथ संपन्न करा पाने में सफल रहे।
नालको नगर में इसके लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके लिए बीजद के स्थानीय सांसद प्रसन्न पाटशाणी एवं भुवनेश्वर उत्तर क्षेत्र के विधायक प्रियदर्शी मिश्र को उत्सव के लिए आमंत्रित किया गया था मगर न तो सांसद और न ही विधायक इस उत्सव में पहुंचे। राजनैतिक हलकों में इसे लेकर चर्चा का बाजार गर्म है कि केन्द्रीय सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का श्रेय भाजपा न ले जाए इसके लिए शायद बीजद इस योजना से दूर रही है।
ओडिशा की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Odisha: Union Minister Dharmendra Pradhan visited residence of the first customer of PNG connection in Bhubaneswar's NALCO Nagar pic.twitter.com/QK8C9P2joy— ANI (@ANI) October 20, 2017