विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मयूरभंज के उदला अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस में लगी आग, ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से जिंदा जला मरीज

Published: Thu, 08 Oct 2026 11:37 PM (IST)

मयूरभंज के उदला अस्पताल परिसर में एक निजी एंबुलेंस में आग लगने और ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक मरीज की मौत हो गई।

एंबुलेंस में लगी आग। (वीडियो ग्रैब)

एंबुलेंस में लगी आग। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. उदला अस्पताल परिसर में निजी एंबुलेंस में लगी भीषण आग।

  2. ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से मरीज की मौके पर ही मौत।

  3. हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलसकर घायल हुए।

जागरण संवाददाता, मयूरभंज, बारीपदा (उदला)। मयूरभंज जिले के उदला अनुमंडल अस्पताल परिसर में गुरुवार को एक बेहद दुखद घटना घटा।

अस्पताल परिसर में खड़ी एक निजी एंबुलेंस में अचानक भीषण आग लग गई। इसके बाद ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे एक मरीज की मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, अभी जिनका इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुंडाबाई क्षेत्र के रहने वाले सुयोश कुमार बारिक की तबीयत गंभीर होने के कारण उनके परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर ले जाने के लिए एक निजी एंबुलेंस लेकर आए थे।

सुयोश को एंबुलेंस के अंदर लिटाने के बाद उन्हें ऑक्सीजन लगाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक एंबुलेंस में आग लग गई और कुछ ही क्षणों में ऑक्सीजन टैंक जोरदार धमाके के साथ फट गया।

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि एंबुलेंस की छत पूरी तरह उड़ गई और वाहन धू-धू कर जलने लगा। इस भयावह दृश्य को देखकर स्थानीय लोग और अस्पताल में मौजूद कर्मचारी घबरा गए।

हालांकि, उन्होंने साहस दिखाते हुए जलती हुई एंबुलेंस से सुयोश को बाहर निकाला। लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुके थे और उनकी मौत हो गई थी।

इस अग्निकांड के पास मौजूद दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई, जिसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया।

अस्पताल परिसर में इस तरह की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और शोक का माहौल छा गया।

यह भी पढ़ें- ओडिशा के मयूरभंज में हॉस्टल का खाना खाने से 46 छात्राएं बीमार, जिला प्रशासन ने दिए जांच के आदेश