ओडिशा के मयूरभंज में हॉस्टल का खाना खाने से 46 छात्राएं बीमार, जिला प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
मयूरभंज के बड़साही स्थित मंत्री एसएसडी बालिका हाईस्कूल के छात्रावास में बुधवार रात खाना खाने के बाद 46 छात्राएं बीमार पड़ गईं।

छात्राओं का चल रहा इलाज। (जागरण)
HighLights
मयूरभंज छात्रावास में 46 छात्राएं खाना खाने के बाद बीमार हुईं।
उल्टी और पेट दर्द की शिकायत पर स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया।
जिला प्रशासन ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
संवाद सूत्र, बारीपदा। मयूरभंज के बड़साही ब्लाक स्थित मंत्री एसएसडी बालिका हाईस्कूल के छात्रावास में बुधवार रात खाना खाने के बाद 46 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई।
उल्टी, पेट दर्द समेत अन्य शिकायतों के बाद छात्राओं को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।
प्रशासन के अनुसार, आठ छात्राओं का इलाज मंत्री स्वास्थ्य केंद्र और 11 का बड़साही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। शेष 27 छात्राओं का स्कूल छात्रावास में ही उपचार किया जा रहा है।

प्रशासन ने सभी छात्राओं की स्थिति सामान्य बताई है। मयूरभंज के एडीएम नेत्रानंद मलिक ने बताया कि गुरुवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला कलेक्टर हेमकांत साय तत्काल स्कूल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि फिलहाल छात्राओं को लेकर कोई गंभीर स्थिति नहीं है। जांच रिपोर्ट आने के बाद बीमारी के वास्तविक कारण का पता चलेगा।
जिला कलेक्टर ने घटना की जांच के आदेश देते हुए प्रभावित छात्राओं के शीघ्र स्वस्थ होने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि छात्राओं की तबीयत खराब होने का संबंध रात में परोसे गए भोजन से है या किसी अन्य कारण से।
आवासीय स्कूलों में पहले भी सामने आई शिकायतें
मयूरभंज जिले में आवासीय स्कूलों और छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी मामले सामने आ चुके हैं। अप्रैल 2026 में रसगोविंदपुर प्रखंड के काकबंधा आश्रम स्कूल में बासी पखाला, आलू भर्ता सहित मेन्यू से अलग भोजन खाने के बाद 100 से अधिक छात्र बीमार हुए थे।

उपचार के दौरान पांचवीं कक्षा की छात्रा रुपाली बेसरा की मौत हो गई थी। इसके बाद स्कूल के प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया था और मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए थे।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में CBI का एक्शन: 12000 रिश्वत लेते धराया EMRS का प्रिंसिपल, ANM से मांगी थी घूस
