सुंदरगढ़: पंजाब नेशनल बैंक में लगी आग, अहम दस्तावेज जलकर खाक होने की आशंका
सुंदरगढ़ के पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में सुबह भीषण आग लग गई, जिससे बैंक के महत्वपूर्ण दस्तावेज और फर्नीचर जलने की आशंका है।

बैंक में आग से कागजात खाक। फोटो जागरण
HighLights
सुंदरगढ़ पीएनबी शाखा में सुबह लगी भीषण आग।
महत्वपूर्ण दस्तावेज और बैंक फर्नीचर जलने की आशंका।
शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण बताया गया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। सुंदरगढ़ शहर के मुख्य डाकघर के सामने स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में सुबह अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया।
सुबह करीब आठ बजे हुए इस अग्निकांड के कारण बैंक में रखे जरूरी कागजात और अन्य फर्नीचर के जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है।
भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित इस बैंक से उठते धुएं और आग की लपटों को देखकर स्थानीय लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कड़ी मशक्कत में जुट गई।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। फिलहाल, बैंक के भीतर आग और घना धुआं भरा होने के कारण नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया है।
आग से कितने महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्तियां जली हैं, इसका स्पष्ट चित्र आग पूरी तरह बुझने और धुआं छंटने के बाद ही सामने आ सकेगा। दमकल कर्मी स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- हाथियों की सुरक्षा के लिए रफ्तार पर ब्रेक, हावड़ा-मुंबई रूट पर 9 घंटे तक धीमी गति से चलीं ट्रेनें
