दूसरे चरण में ओडिशा की पांच लोस व 35 विस सीट के लिए मतदान आज
राज्य में दूसरे चरण में गुरुवार को पांच लोकसभा एवं 35 विधानसभा सी
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : राज्य में दूसरे चरण में गुरुवार को पांच लोकसभा एवं 35 विधानसभा सीट पर चुनाव होगा। इसके लिए मतदान अधिकारी विभिन्न बूथों पर पहुंच चुके हैं। इस चरण में राज्य की 9117 बूथों में से 3701 संवेदनशील हैं। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। खास कर नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। नक्सल प्रभावित इलाकों में सुबह सात बजे अपराह्न चार बजे तक मतदान होगा जबकि अन्य बूथों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।
दूसरे चरण में बरगढ़, सुंदरगढ़, बलांगीर, कंधमाल एवं आस्का लोकसभा तथा इसके अंतर्गत आने वाली 35 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। बरगढ़ लोकसभा सीट एवं इसके अंतर्गत पद्मपुर, विजेपुर, बरगढ़, अताविरा, भटली, ब्रजराजनगर, झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर मतदान होगा। सुंदरगढ़ लोकसभा सीट एवं इसके अंतर्गत आने वाली तलसरा, सुंदरगढ़, बीरमित्रपुर, रघुनाथपल्ली, राउरकेला, राजगांगपुर एवं बणेई विधानसभा सीट पर मतदान होगा। बलांगीर लोकसभा सीट तथा इसके अंतर्गत आने वाली वीरमहाराजपुर, सुवर्णपुर, लोइसिंहा, पाटणागड़ बलांगीर, टिटिलागड़ तथा कंटाबांजी विधानसभा सीट पर मतदान होगा।
इसी तरह से कंधमाल लोकसभा सीट एवं इसके अंतर्गत आने वाली बालीगुड़ा, जी.उदयगिरी, फुलवाणी, कंटामाल, बौद्ध, दशपल्ला विधानसभा सीट पर मतदान होगा। इसके अलावा गंजाम जिला के आस्का लोकसभा सीट एवं इसके अंतर्गत आने वाली भंजनगर, पोलसरा, कविसूर्यनगर, खलिकोट, आस्का, सोरड़ा, सानखेमुंडी एवं हिजिली विधानसभा सीट पर भी ततदान होगा।
राज्य मुख्य चुनाव अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बुधवार को मीडिया को बताया कि दूसरे चरण में 39,45,025 पुरुष एवं 37,47,493 महिला तथा 605 तृतीय लिग के मतदाता को मिलाकर कुल 76 लाख 93 हजार 123 मतदाता हैं। इस चरण में पांच लोकसभा सीटों पर कुल 35 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिनमें 30 पुरुष एवं पांच महिला उम्मीदवार हैं। इसमें सात निर्दलीय उम्मीदवार हैं। इसी तरह 35 विधानसभा सीट के लिए 244 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 219 पुरुष एवं 25 महिला उम्मीदवार हैं। इन 35 सीटों पर 70 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। दूसरे चरण के लिए 60 हजार से अधिक मतदान अधिकारी नियोजित किए गए हैं। सभी बूथ पर सुरक्षित पहुंच गए हैं। 9117 बूथ में 3701 संवेदनशील हैं। इन बूथों पर सुरक्षित चुनाव कराने के निर्देश दिए गए है। 448 बूथ पर सीआरपीएफ फोर्स लगाई गई है। 623 क्लोज सर्किट टीवी कैमरा, माइक्रो आबजर्बर नियोजित किए गए हैं। वीडियोग्राफी एवं स्टील फोटोग्राफी की भी व्यवस्था है। चुनाव आयोग के आदेश पर पहली बार सभी सेक्टर अधिकारी की गाड़ी को जीपीएस के माध्यम से ट्रैक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सेक्टर अधिकारी की गाड़ी को सुरक्षित व सही जगह पर देखना है। भिन्नक्षम एवं वृद्ध मतदाताओं की सुविधा के लिए 17882 वालिटर नियोजित किया गया है।
इन प्रमुख नेताओं के भाग्य का फैसला
दूसरे चरण में आसिका विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के भाग्य का फैसला होना है। इसके अलावा सुंदरगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा से केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, बीजद से सुनीता बिस्वाल, कांग्रेस से जार्ज तिर्की, बरगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश पुजारी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रसन्न आचार्य, बीजद से पहली बार चुनाव लड़ रहे कीट-कीस के प्रतिष्ठाता कंधमाल लोकसभा प्रत्याशी अच्युत सामंत, भाजपा से ऐर खारवेल स्वांई, कांग्रेस से मनोज कुमार आचार्य, कांग्रेस से प्रदीप कुमार देवता एवं बलांगीर लोकसभा सीट से भाजपा से संगीता कुमारी सिंहदेव, बीजद से कलिकेश सिंहदेव, कांग्रेस से सौमेंद्र मिश्रा का नाम शामिल है।