ओडिशा में भाजपा संगठन को धार देंगे सौदान सिंह, पंचायत और निकाय चुनाव की तैयारी में जुटी BJP
भाजपा के राष्ट्रीय संयुक्त संगठन महामंत्री सौदान सिंह तीन दिवसीय ओडिशा दौरे पर हैं, जहां वे आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों की तैयारियों का जायजा लेंगे।

सौदान सिंह का नेताओं ने किया स्वागत। (जागरण)
HighLights
सौदान सिंह तीन दिवसीय ओडिशा दौरे पर।
पंचायत और निकाय चुनावों की तैयारियों पर फोकस।
पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से संवाद करेंगे।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। भाजपा के राष्ट्रीय संयुक्त संगठन महामंत्री सौदान सिंह तीन दिवसीय ओडिशा दौरे पर हैं। इस दौरान वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर उनके इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सौदान सिंह ओडिशा पहुंचने के बाद पुरी जाकर महाप्रभु श्री जगन्नाथ के दर्शन किए और आशीर्वाद लेने के बाद भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे।
उनका यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी और सह प्रभारी स्वदेश सिंह ने हाल ही में ओडिशा के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की थी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के सौदान सिंह से मुलाकात करने की संभावना है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के भी अपनी उपलब्धता के अनुसार उनसे मिलने की उम्मीद है।
संगठनात्मक अनुभव का मिलेगा लाभ : सामल
सौदान सिंह के दौरे पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि उन्हें संगठनात्मक कार्यों का व्यापक अनुभव है। उन्होंने वर्षों तक विभिन्न राज्यों में संगठन की जिम्मेदारियां संभाली हैं।
उनका अनुभव ओडिशा में भाजपा संगठन को मजबूत करने में उपयोगी साबित होगा। उनके मार्गदर्शन से पार्टी को आगामी चुनावों की तैयारी करने में मदद मिलेगी।
कार्यकर्ताओं से भी करेंगे संवाद
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य औपचारिक बैठक के बजाय कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करना है। इस दौरान हाल ही में पार्टी में शामिल हुए कार्यकर्ताओं को भी सौदान सिंह से मिलने और अपना परिचय देने का अवसर मिलेगा।
संवाद के दौरान पार्टी कार्यकर्ता अपनी समस्याओं, सुझावों और संगठन को आगे बढ़ाने से जुड़े विचारों को भी उनके सामने रख सकेंगे।
यह भी पढ़ें- ओडिशा के मानसिक रोग अस्पताल में मरीज की मौत, पिटाई के आरोप में वार्ड अटेंडेंट और सुरक्षाकर्मी गिरफ्तार
