पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचे संत मुरारी बापू, महाप्रभु के दर्शन कर लिया आशीर्वाद; भक्तिमय हुआ परिसर
प्रसिद्ध भागवत कथा व्यास संत मुरारी बापू ने पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर में महाप्रभु के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उनके आगमन पर मंदिर प्रशासन ने भव्य स्वागत किया।

संत मुरारी बापू ने आज सुबह ओडिशा के पुरी स्थित विश्वप्रसिद्ध श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचकर महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के दर्शन किए।
HighLights
संत मुरारी बापू ने पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए।
मंदिर प्रशासन ने संत मुरारी बापू का भव्य स्वागत किया।
दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह और भक्ति दिखी।
जासं, पुरी। प्रसिद्ध भागवत कथा व्यास एवं परम पूज्य संत मुरारी बापू ने आज सुबह ओडिशा के पुरी स्थित विश्वप्रसिद्ध श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचकर महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
अपने इस आध्यात्मिक प्रवास के दौरान उन्होंने मुख्य मंदिर के साथ-साथ परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों में भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
संत मुरारी बापू के मंदिर पहुंचने पर श्री मंदिर प्रशासन की ओर से उनका पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया।
उनके आगमन और सुगम दर्शन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई थी, ताकि दर्शन के दौरान उन्हें या अन्य श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्रद्धालुओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
संत मुरारी बापू के श्रीमंदिर में आगमन की खबर मिलते ही परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।
उनकी एक झलक पाने और दर्शन करने के लिए भक्तों में काफी उत्सुकता रही। संत की उपस्थिति से पूरे मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और आध्यात्मिक नजर आया। दर्शन और पूजा-अर्चना संपन्न करने के पश्चात वे अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।