विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाघ या तेंदुआ? संबलपुर के जंगल में 'महाबल' के मिले पदचिह्न, पर्यटकों को वापस भेजा गया, बस्तियों में जारी की गई चेतावनी

By Radheshyam VermaEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Wed, 25 Nov 2026 09:54 PM (GMT+05:30)

संबलपुर के बुर्ला के पास चांदली डुंगुरी क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी की चर्चा से दहशत है, जहां वन विभाग को पदचिह्न मिले हैं। 

हीराकुद जलभंडार के तट पर स्थित चांदली डुंगुरी क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था में जुटी वन विभाग की टीम।

हीराकुद जलभंडार के तट पर स्थित चांदली डुंगुरी क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था में जुटी वन विभाग की टीम।

HighLights

  1. संबलपुर के बुर्ला में बाघ की मौजूदगी की चर्चा।

  2. वन विभाग ने चांदली डुंगुरी क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया।

  3. पर्यटकों को वापस भेजा, निवासियों को सतर्क रहने की चेतावनी।

संस, संबलपुर। उपनगर बुर्ला के समीप हीराकुद जलभंडार के तट पर स्थित चांदली डुंगुरी क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी की चर्चा से दहशत का माहौल बन गया है। 

 
मंगलवार से इलाके में बाघ के घूमने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
 
बुधवार को आंबसढ़ा-कंटापाली पहाड़ी जंगल में पदचिह्न पाए जाने के बाद स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। हालांकि, ये पदचिह्न 'महाबल'(रॉयल बंगाल टाइगर) के हैं या तेंदुए के, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
 
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, एसीएफ राजश्री तिर्की के नेतृत्व में रेंजर अमित कुमार साहू, फॉरेस्टर रोशनी नायक सहित विभागीय टीम ने दिनभर चांदली डुंगुरी से आंबसढ़ा-कंटापाली और हीराकुद बांध के जीरो पॉइंट के बीच के वन क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। 
 
जंगल में मिले पदचिह्नों की तस्वीरें उच्चाधिकारियों यानी डीएफओ को भेज दी गई हैं, ताकि विशेषज्ञ स्तर पर उनकी पहचान की जा सके। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन और वन विभाग ने आसपास की बस्तियों में सतर्कता बढ़ा दी है। 
 
जीरो पॉइंट, ओरामपाड़ा, धुड़ियापाड़ा तथा बुर्ला स्थित संबलपुर विश्वविद्यालय के पीछे की बस्तियों में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को जागरूक और सतर्क किया गया है। 
 
ग्रामीणों व स्थानीय निवासियों को शाम ढलने के बाद घरों से बाहर न निकलने तथा जंगल के आसपास न जाने की हिदायत दी गई है।
 
एहतियाती कदमों के तहत जीरो पॉइंट क्षेत्र में वनभोज (पिकनिक) के लिए पहुंचे सैकड़ों पर्यटकों को भी वन विभाग ने सुरक्षित रूप से वापस लौटा दिया। 
 
इसके साथ ही पुलिस के सहयोग से झांकरानी से जीरो पॉइंट मार्ग पर आवाजाही करने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भी विशेष सावधानी बरतने के लिए सचेत किया गया है।  
 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।