राउरकेला में उबाल: एनजेसीएस बैठक में Sail प्रबंधन ने पलटे वादे, एरियर और एमओए से साफ मुकरा; अब कोर्ट की तैयारी
सेल प्रबंधन ने एनजेसीएस बैठक में बकाया एरियर और नए वेतन समझौते (एमओए) से इनकार कर दिया, जिससे इस्पात कर्मियों में भारी रोष है।

बकाया एरियर और नए वेतन समझौते का इंतजार कर रहे देश भर के हजारों इस्पात कर्मियों के साथ विश्वासघात किया गया है।
HighLights
सेल प्रबंधन ने बकाया एरियर और नए एमओए से इनकार किया।
एनजेसीएस बैठक में श्रमिक नेताओं का अपमान, प्रबंधन ने वादे तोड़े।
ट्रेड यूनियनें अब एकजुट होकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगी।
जासं, राउरकेला । स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) प्रबंधन की कार्यप्रणाली और उसकी नीयत एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है।
बकाया एरियर और नए वेतन समझौते (एमओए) का लंबा इंतजार कर रहे देश भर के हजारों इस्पात कर्मियों के साथ कथित तौर पर खुला विश्वासघात किया गया है।
दिल्ली के स्कोप सोशल इंटरेक्शन सेंटर में आयोजित नेशनल ज्वाइंट कमेटी फॉर स्टील (एनजेसीएस) सब-कमेटी की बहुप्रतीक्षित बैठक महज एक दिखावा साबित हुई।
जहां सेल अधिकारियों ने न केवल बकाया एरियर देने से साफ इनकार कर दिया, बल्कि बैठक के नाम पर देश भर से आए श्रमिक नेताओं को दिल्ली बुलाकर उनका घोर अपमान भी किया।
बैठक की शुरुआत में ही दिखाया अड़ियल रुख
बैठक की शुरुआत होते ही सेल कॉरपोरेट के सीजीएम (एचआर) संजीव गुप्ता ने बेहद अड़ियल और तानाशाही रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया कि प्रबंधन किसी भी परिस्थिति में बकाया एरियर का भुगतान नहीं करेगा और न ही इस संबंध में कोई नया समझौता (एमओए) किया जाएगा।
प्रबंधन के इस फरमान से भड़के एचएमएस नेता राजेंद्र सिंह ने इसे इस्पात कर्मियों के साथ सीधा 'धोखा' करार दिया। बैठक में भिलाई और दुर्गापुर से लेकर राउरकेला तक के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे, लेकिन उनका पूरा रवैया श्रमिक विरोधी और असंवेदनशील नजर आया।
पुराने वादों से मुकरा प्रबंधन
एटक के नेता आदिनारायण ने जब अधिकारियों को उनका वह पुराना वादा याद दिलाया, जिसमें कथित तौर पर 2000 करोड़ रुपये का मुनाफा होने पर एरियर देने की बात कही गई थी, तो प्रबंधन अपनी बात से पूरी तरह मुकर गया।
अधिकारियों ने बेशर्मी की हद पार करते हुए उल्टे श्रमिक नेताओं से ही उस वादे का लिखित प्रमाण मांग लिया।
इंटक के हरजीत सिंह और सीटू के विश्वरूप बंदोपाध्याय ने प्रबंधन की इस खुली वादाखिलाफी का कड़ा विरोध करते हुए चेतावनी दी कि कर्मचारी किसी भी कीमत पर अपने एरियर का दावा नहीं छोड़ेंगे।
प्रबंधन के अहंकार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब बीएमएस के हिमांशु बल ने प्रस्ताव रखा कि यदि कोर्ट केस एरियर भुगतान में बाधा है, तो प्रबंधन लिखित में दे कि वह एरियर कब देगा।
बीएमएस अपना केस तुरंत वापस ले लेगा। लेकिन प्रबंधन ने इस उचित प्रस्ताव को भी सिरे से खारिज कर दिया।
अपमानजनक जवाब और अब अदालत का रास्ता
हद तो तब पार हो गई जब श्रमिक नेताओं ने अधिकारियों से सवाल किया कि यदि पहले से ही एरियर न देने का मन बना रखा था, तो फिर आज की यह बैठक क्यों बुलाई गई?
इस पर अधिकारियों ने बेहद गैर-जिम्मेदाराना और अपमानजनक लहजे में कहा कि बस यही बात दोबारा बताने के लिए आप लोगों को बुलाया था।
सेल प्रबंधन के इस संवेदनहीन और अड़ियल रवैये से साफ हो गया है कि बातचीत के सारे रास्ते बंद किए जा रहे हैं। बैठक के अंत में बीएमएस नेता हिमांशु बल ने उपस्थित सभी ट्रेड यूनियनों से अपील की कि प्रबंधन की इस धोखाधड़ी के बाद अब न्यायालय ही एकमात्र विकल्प बचा है।
उन्होंने सभी से एकजुट होकर रिट याचिका दायर करने या आरआईकेकेएस के केस में पार्टी बनने का आह्वान किया है। भारतीय इस्पात मजदूर महासंघ भी इस पर जल्द ही कोई कड़ा निर्णय लेने जा रहा है, जिससे देश भर के इस्पात संयंत्रों में भारी असंतोष और औद्योगिक अशांति पनपने की आशंका प्रबल हो गई है।