ओडिशा में कारोबार बढ़ाएगी आरआर केबल : त्रिभुवन काबरा
इलेक्ट्रिकल क्षेत्र की अग्रणी संस्था आरआर केबल ने राज्य में 100 करोड़ रुपये का कारोबार करने का लक्ष्य रखा है।
जासं, भुवनेश्वर : इलेक्ट्रिकल क्षेत्र की अग्रणी संस्था आरआर केबल ने राज्य में 100 करोड़ रुपये का कारोबार करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी के अध्यक्ष त्रिभुवन काबरा ने गुरुवार को बताया कि ओडिशा में हम वर्तमान समय में 24 करोड़ रुपये का कारोबार कर रहे हैं। हमारा कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। 2021 तक ओडिशा में हमने अपने कारोबार को 100 करोड़ रुपये से अधिक करने का लक्ष्य रखा है। राज्य में कंपनी के वर्तमान समय में 45 डीलर एवं 500 रिटेलर हैं। 2021 तक डीलर एवं रिटेलर की संख्या क्रमश: 100 एवं 1500 करनी है। पूरे देश में कंपनी उत्पादों के लिए 6 हजार डीलर एवं 1 लाख से अधिक रिटेलर हैं। कंपनी के निदेशक संदीप झावर ने बताया कि पश्चिम भारत में हम अपनी स्थिति मजबूत करने के बाद अब पूर्वी भारत में अपनी स्थिति को मजबूत करने में लग गए हैं। उल्लेखनीय है कि 4500 करोड़ रुपये के आरआर ग्रुप की इकाई आरआर केबल तार, केबल, फैन आदि इलेक्ट्रॉनिक सामान का उत्पादन करती है।