राउरकेला में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आधी रात को ट्रक से 33 भैंसें कराईं मुक्त; 6 तस्कर गिरफ्तार
राउरकेला में सदर पुलिस ने आधी रात को मवेशियों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
-1789303506232_m.webp)
33 भैंस को कराया गया मुक्त। (जागरण)
HighLights
राउरकेला पुलिस ने आधी रात को मवेशी तस्करी का भंडाफोड़ किया।
अवैध तस्करी से 33 भैंसों को सुरक्षित मुक्त कराया गया।
छह आरोपित गिरफ्तार, ट्रक और एस्कॉर्ट कार जब्त की गई।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। जिले में मवेशियों की अवैध तस्करी के खिलाफ सदर पुलिस ने आधी रात को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 भैंसों को मुक्त कराया है।
इस मामले में पुलिस ने मवेशियों से भरे ट्रक और एस्कॉर्ट कर रही एक कार को जब्त कर छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दाएज महुल इलाके के पास बीती रात करीब ढाई बजे की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। रात करीब 2:30 बजे दाएज महुल के समीप पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन (ओचआर-67बी-8043) को आते देखा और उसे जांच के लिए रोका।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरी गईं 33 भैंसें बरामद हुईं। मवेशियों की इस तस्करी को एस्कॉर्ट करने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक कार (ओड़ी-16पी-2617) को भी पुलिस ने मौके से जब्त कर लिया।
इस पूरी कार्रवाई में भस्मा पुलिस का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। पुलिस ने मौके से तीन स्थानीय आरोपितों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
सदर थाने में इनके खिलाफ कांड संख्या 481/2026 दर्ज किया गया है। आरोपितों पर बीएनएस की धारा 303(2), 132, 281, 109(1), 351(3), 121(1) और 3(5) के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धारा 27 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इन मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और इनकी खेप कहां पहुंचाई जानी थी।
इस अवैध कारोबार के पीछे किसी बड़े सिंडिकेट के हाथ होने की आशंका को देखते हुए पुलिस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- UAE ने ओडिशा में ₹2.43 लाख करोड़ के निवेश का दिया प्रस्ताव, लाखों युवाओं को मिल सकता है रोजगार
