राउरकेला में बड़ी कर चोरी का भंडाफोड़: फर्जी बिलों से सरकार को लगाया 36 करोड़ का चूना, गुटखा कारोबारी अजय गिरफ्तार
राउरकेला में एक गुटखा कारोबारी अजय पांडेय को फर्जी बिलों के जरिए 36.01 करोड़ रुपये की उत्पाद शुल्क चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

शनिवार शाम आरोपित को राउरकेला एसडीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसकी जमानत याचिका खारिज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
HighLights
गुटखा कारोबारी अजय पांडेय 36 करोड़ की कर चोरी में गिरफ्तार।
फर्जी बिलों और जाली दस्तावेजों से सरकारी खजाने को चूना लगाया।
केंद्रीय उत्पाद शुल्क विभाग ने छापेमारी कर घोटाला उजागर किया।
जासं, राउरकेला। फर्जी बिलों और जाली दस्तावेजों के सहारे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले राउरकेला के एक बड़े गुटखा कारोबारी का पर्दाफाश हुआ है।
केंद्रीय उत्पाद शुल्क विभाग (सेंट्रल एक्साइज) की विशेष टीम ने 36 करोड़ एक लाख रुपये की उत्पाद शुल्क चोरी के आरोप में वेदव्यास के नदी टोला निवासी कारोबारी अजय पांडेय (49) को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार शाम आरोपित को राउरकेला एसडीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसकी जमानत याचिका खारिज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
सात महीनों में किया 36.01 करोड़ का घोटाला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित अजय पांडेय वेदव्यास क्षेत्र में गुटखा और खैनी निर्माण की इकाइयां संचालित कर रहा था।
वह सरकारी टैक्स से बचने के लिए बड़े पैमाने पर फर्जी इनवॉइस (बिलों) के जरिए अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था।
विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, फरवरी 2026 से नवंबर 2026 के बीच की अवधि में उसने बेहद सुनियोजित तरीके से 36.01 करोड़ रुपये के उत्पाद शुल्क की चोरी की।
गुप्त सूचना पर निर्माण इकाई में छापेमारी
केंद्रीय उत्पाद शुल्क विभाग की विशेष टीम पिछले कुछ समय से कारोबारी की संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही थी। पुख्ता सबूत और जानकारी जुटाने के बाद शनिवार को विभागीय अधिकारियों की टीम ने उसकी निर्माण इकाई पर अचानक छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने वहां मौजूद रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच की। कागजातों की बारीकी से पड़ताल करने पर 36 करोड़ एक लाख रुपये की भारी-भरकम कर चोरी का खुलासा हुआ, जिसके तुरंत बाद आरोपित को दबोच लिया गया।
सिंडिकेट में अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका
विभाग की शुरुआती तफ्तीश में इस अवैध रैकेट में कुछ अन्य लोगों और सहयोगियों की संलिप्तता के भी अहम संकेत मिले हैं।
अधिकारी अब इस बात की गहराई से जांच कर रहे हैं कि आरोपित असल में कितने लंबे समय से इस काले कारोबार को चला रहा था और इस कर चोरी के नेटवर्क में और कौन-कौन से कारोबारी या बिचौलिए शामिल हैं।
पूरे सिंडिकेट से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उन पर शिकंजा कसने के लिए केंद्रीय उत्पाद शुल्क विभाग की जांच लगातार जारी है।