राउरकेला के आरएसपी क्वार्टर में मिला एंबुलेंस चालक का शव, पत्नी ने जताई हत्या की आशंका
ओडिशा के राउरकेला में एक एंबुलेंस चालक राकेश पात्र का शव फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
-1787670386598_m.webp)
एंबुलेंस से शव को ले जाते अस्पताल कर्मी। (जागरण)
HighLights
राउरकेला में एंबुलेंस चालक राकेश पात्र का शव मिला।
पत्नी कुनी पात्र ने हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत की।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, मामले की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिला अंतर्गत राउरकेला शहर के सेक्टर-3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आरएसपी क्वार्टर में एक एंबुलेंस चालक का फंदे से लटकता हुआ शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 49 वर्षीय राकेश पात्र के रूप में हुई है। यह संदिग्ध घटना सेक्टर-1 स्थित क्वार्टर नंबर ई-1 (में घटी है। प्रथम दृष्टया शव फंदे से लटकता हुआ मिला है, लेकिन मृतक के परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए मामले में साजिश की आशंका जताई है।
इस घटना को लेकर मृतक राकेश पात्र की पत्नी कुनी पात्र ने थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में स्पष्ट रूप से पति की हत्या किए जाने का संदेह व्यक्त किया है और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में ले लिया।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पत्नी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर घटना के हर संभावित पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
