विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंद मकान, किचन में नया प्लास्टर और फिर सामने आई खौफनाक सच्चाई; पुरी में बदबू से खुला मां की हत्या का राज

By Laxmi Narayan PattanikEdited By: Nishant Bharti
Published: Tue, 25 Aug 2026 11:48 AM (IST)

पुरी में एक बेटे ने अपनी मां की हत्या कर शव को रसोईघर के स्लैब के नीचे छिपाकर प्लास्टर कर ...और पढ़ें

पुरी में बदबू से खुला मां की हत्या का राज

पुरी में बदबू से खुला मां की हत्या का राज

HighLights

  1. बेटे ने मां की हत्या कर शव रसोई में छिपाया।

  2. प्लास्टर वाली जगह से दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा।

  3. पुलिस ने शव बरामद किया, आरोपी बेटा फरार।

संवाद सूत्र, पुरी। पुरी शहर के कुंभाड़पड़ा थाना क्षेत्र में ‘दृश्यम’ फिल्म की कहानी जैसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि एक बेटे ने अपनी मां की हत्या करने के बाद शव को रसोईघर के स्लैब के नीचे छिपा दिया और उसके ऊपर प्लास्टर कर दिया। प्लास्टर वाली जगह से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। 

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कर शव बरामद किया। वारदात के बाद आरोपी बेटा मदन दलई (43) फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी कर रही है।

किरायेदारों के आधार कार्ड नहीं 

पुलिस के अनुसार, मदन दलई और उसकी मां करीब दो महीने पहले कुंभाड़पड़ा थाना क्षेत्र में मस्जिद के पास एक गली में रविनारायण साहू के मकान में किराये पर रहने आए थे। इस मकान में आठ अन्य परिवार भी किराये पर रहते हैं। 

मकान मालिक ने किरायेदारों के आधार कार्ड नहीं लिए थे, जिसके कारण उनकी पहचान और पृष्ठभूमि की जानकारी पुलिस के सामने स्पष्ट नहीं हो सकी।

पुलिस ने शुरू की जांच

बताया जा रहा है कि शनिवार से मां-बेटे दिखाई नहीं दे रहे थे। इसी बीच रसोईघर में प्लास्टर किए गए हिस्से से तेज दुर्गंध आने लगी। इससे आसपास के लोगों को संदेह हुआ। मकान मालिक से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सिटी डीएसपी रश्मिरंजन महापात्र और कुंभाड़पड़ा थाना प्रभारी विजय केतन बेहरा ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। पुलिस ने रसोईघर में प्लास्टर किए गए हिस्से को खोला तो अंदर से महिला का शव बरामद हुआ। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।

WhatsApp Image 2026-08-25 at 11.00.08 AM

पुलिस ने मामले की गहन जांच के लिए विशेष टीम गठित की है। जिला पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना तीन से चार दिन पुरानी होने की बात सामने आई है। हत्या के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वजह का खुलासा होने की उम्मीद है।