यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 06, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Odisha: राज्यसभा चुनाव के लिए विज्ञप्ति जारी, 4 में से तीन पर बीजद की जीत पक्की; एक पर खींचतान
Rajya Sabha elections Odisha ओडिशा में राज्यसभा चुनाव के लिए विज्ञप्ति जारी की गयी है शुक्रवार से ही आग्रही व्यक्ति अपना नामाकन दाखिल कर सकते हैं।

भुवनेश्वर, जेएनएन। राज्यसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को विज्ञप्ति प्रकाशित की गई। ओड़िशा में कुल 4 राज्यसभा की सीट खाली है, जिसके लिए विज्ञप्ति प्रकाशित की गई है। विज्ञप्ति के मुताबिक शुक्रवार से ही आग्रही व्यक्ति अपना नामाकन दाखिल कर सकेगा। 13 मार्च को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। 16 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी जबकि 18 मार्च को नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि है। 26 मार्च को चुनाव होगा।
जानकारी के मुताबिक 17 राज्य के 55 सीट के लिए चुनाव करने के लिए कुछ दिन पहले चुनाव आयोग ने घोषणा किया था। ओड़िशा में खाली हुई चार राज्यसभा सीट पर देखें तो विधायकों की संख्या के हिसाब से बीजद के खाते में तीन राज्यसभा सीट जाना निश्चित है। एक सीट के लिए खींचतान होगी। इस सीट पर भाजपा एवं बीजद सहमति से अपना उम्मीदवार देंगे या फिर बीजद इस सीट को भी हासिल करना चाहेगी, उसे लेकर अब चर्चा शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि आगामी अप्रैल महीने में राज्यसभा सांसद अनुभव महांती, सरोजिनी हेम्ब्रम, नरेन्द्र स्वांई एवं रंजीव विश्वाल का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इन सीटों को भरने के लिए चुनाव आयोग की तरफ से चुनाव की घोषणा की गई है। अब इन चार सीटों पर कौन राज्यसभा जाएगा, इसे लेकर चर्चा के बाजार गर्म हो गए हैं।