खाने में बाल, ऊपर से बवाल: ओडिशा में शिकायत करने पर टूरिस्ट कपल से मारपीट
पुरी में एक पर्यटक दंपती के साथ रेस्तरां में खाने में बाल निकलने के विवाद के बाद मारपीट की गई, ...और पढ़ें

पुरी में खाने में बाल निकलने पर विवाद, पर्यटक दंपती से मारपीट; सुरक्षा पर गंभीर सवाल (AI Generated Image)
HighLights
पुरी में पर्यटक दंपती से खाने में बाल निकलने पर मारपीट।
रेस्तरां मालिक और कर्मचारियों पर मारपीट का गंभीर आरोप।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, सुरक्षा पर चिंता।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। जगन्नाथ धाम पुरी शहर में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। खाने में बाल निकलने को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला पर्यटक और उनके पति के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि रेस्तरां मालिक और कर्मचारियों ने कर्नाटक से आए पर्यटक दंपती के साथ हाथापाई की, जिसमें दोनों घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे कर्नाटक से आए एक पर्यटक दंपती स्वर्गद्वार क्षेत्र स्थित एक रेस्तरां में भोजन करने गए थे। भोजन में बाल मिलने पर उन्होंने रेस्तरां कर्मचारियों से इसकी शिकायत की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में विवाद और मारपीट में बदल गई।
घटना में महिला पर्यटक और उनके पति घायल हो गए। मामले को लेकर समुद्रकूल थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुरी आने वाले पर्यटकों को कई बार कुछ होटल और रेस्तरां संचालकों द्वारा निम्नस्तरीय भोजन परोसा जाता है और उनसे ठगी की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे मामलों पर रोक नहीं लग पा रही है।
इस घटना के बाद बुद्धिजीवियों ने पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा निम्न गुणवत्ता का भोजन परोसने वाले होटल और रेस्तरां के खिलाफ प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, पुरी के एसपी प्रतीक सिंह ने कहा है कि समुद्रकूल थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पुरी में प्रतिदिन हजारों पर्यटक आते हैं। ऐसे मामलों से पर्यटन नगरी की छवि प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस और प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मानी जा रही है।
