पुरी जगन्नाथ मंदिर में दिव्यांग भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी, रोज 20 को मिलेगा विशेष दर्शन का मौका; ऐसे होगी बुकिंग
पुरी जगन्नाथ मंदिर में दिव्यांग भक्तों के लिए विशेष दर्शन की सुविधा शुरू की जाएगी। ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग के जरिए ...और पढ़ें

जगन्नाथ मंदिर की फाइल फोटो।
HighLights
दिव्यांग भक्तों के लिए विशेष दर्शन सुविधा शुरू होगी।
ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग से प्रतिदिन 20 भक्त दर्शन करेंगे।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के सुगम दर्शन के लिए पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में दिव्यांग भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग के माध्यम से प्रतिदिन 20 दिव्यांग भक्तों को दर्शन का अवसर मिलेगा। एक दिव्यांग भक्त छह महीने में एक बार ही इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
शुरुआती चरण में प्रायोगिक तौर पर शुरू होने वाली इस व्यवस्था को कार्तिक मास के बाद लागू किए जाने की संभावना है। श्रीमंदिर कार्यालय में जिला कलेक्टर एवं श्रीमंदिर के उप मुख्य प्रशासक दिव्यज्योति परिड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
विशेष दर्शन के लिए अलग वेबसाइट तैयार की जाएगी। इसके माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण और स्लॉट बुकिंग की सुविधा मिलेगी। पंजीकरण की पुष्टि होने के बाद संबंधित भक्त को संदेश भेजकर इसकी जानकारी दी जाएगी।
निर्धारित तिथि पर पुरी पहुंचने वाले दिव्यांग भक्तों के लिए सत्यनारायण मंदिर के पास से श्रीमंदिर तक पहुंचने की व्यवस्था की जाएगी। यहां से बैटरी चालित वाहन के माध्यम से उन्हें उत्तर द्वार तक ले जाया जाएगा। उत्तर द्वार के पास रैंप की सुविधा होने से वे व्हीलचेयर के जरिए मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे।
इसके बाद घंटिद्वार तक पहुंचने पर स्वयंसेवक उन्हें मंदिर के भीतर ले जाएंगे और जय-विजय द्वार के पास महाप्रभु के दर्शन कराएंगे। पूरी व्यवस्था के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के साथ चिकित्सा दल भी तैनात रहेगा।
जिला कलेक्टर दिव्यज्योति परिड़ा ने बताया कि विशेष नीतिकांतियों और अधिक भीड़ वाले दिनों में दिव्यांग भक्तों को इस सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा। सामान्य दिनों में ही विशेष दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। दर्शन के लिए कौन-सी तिथि निर्धारित होगी, इसका निर्णय नीतियों को ध्यान में रखते हुए गठित समिति करेगी।
इसमें कमांडर, वरिष्ठ सेवायत और श्रीमंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य शामिल होंगे। दिव्यांग भक्तों के चयन में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।
पुरी जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य जगन्नाथ पूजापंडा सामंत ने बताया कि दर्शन के बाद लौटते समय दिव्यांग भक्तों को उपहार भी दिया जाएगा। वेबसाइट तैयार होने के बाद ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा। संभावना है कि कार्तिक मास के बाद यह सुविधा लागू कर दी जाएगी।
