पुरी स्वर्गद्वार में अंतिम संस्कार पर से प्रतिबंध हटा
ओडिशा के पुरी स्वर्गद्वार में बाहरी जिलों के पार्थिव शरीर के अंतिम संस्कार के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध को सोमवार से हटा लिया गया है।
जासं, पुरी : ओडिशा के पुरी स्वर्गद्वार में बाहरी जिलों के पार्थिव शरीर के अंतिम संस्कार के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध को सोमवार से हटा लिया गया है। अब बाहर जिले के लोग भी पुरी के स्वर्गद्वार में अंतिम संस्कार कर सकेंगे। लेकिन कोरोना मरीजों की मौत होने पर उनके अंतिम संस्कार पर यहां प्रतिबंध जारी रहेगा। पुरी के जिलाधिकारी बलवंत सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुरी जिले में कोरोना के संक्रमण की संख्या घटने के कारण यह निर्णय किया गया है।
उन्होंने कहा कि शव दाह के समय गाइडलाइन का अनुपालन करना जरूरी होगा। 20 से अधिक लोग उपस्थित नहीं रह सकेंगे तथा मास्क पहनना जरूरी रहेगा। उल्लेखनीय है कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए पुरी जिला प्रशासन ने पहले 30 सितंबर तक बाहर के जिलों के लोगों के लिए यहां प्रतिबंध लगाया था और बाद में इसे 31 अक्टूबर तक बढ़ा दिया था। अब प्रशासन ने इसे हटाने का निर्णय किया है।