प्रो.गणेशी लाल बने ओड़िशा के नए राज्यपाल
पूर्व राज्यपाल डा. एससी.जमीर के स्थान पर श्री लाल को नियुक्त किया गया है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो.गणेशी लाल को ओड़िशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इस संदर्भ में शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन से एक निर्देशनामा जारी किया गया है। श्री लाल वर्तमान समय में भाजपा अनुशासन कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। कभी गणित अध्यापक रहने वाले श्री लाल ने 1991 में सिरसा से चुनाव लड़ा था मगर उस समय वह पराजित हो गए थे। 1996 में वह पुन: सिरसा विधानसभा सीट से चुनाव लड़े और विजयी हुए। 1996-99 में भाजपा एवं हरियाणा विकास पार्टी के गठबंधन सरकार में वह खाद्य मंत्री बने थे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के साथ श्री लाल का गहरा संपर्क है। प्रो. लाल प्रधानमंत्री श्री मोदी के भी करीबी माने जाते हैं। जानकारी के मुताबिक पूर्व राज्यपाल डा. एससी.जमीर के स्थान पर श्री लाल को नियुक्त किया गया है। श्री जमीर का कार्यकाल खत्म होने के बाद बिहार के राज्यपाल सतपाल मलिक ओड़िशा के अतिरिक्त राज्यपाल का दायित्व निभा रहे थे।
नव नियुक्त राज्यपाल को केन्द्र मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने किया अभिनंदन
ओड़िशा के नवनियुक्त राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल को केन्द्र मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने अभिनंदन ज्ञापन दिया है। प्रो.लाल ओड़िशा के राज्यपाल के तौर पर नियुक्त होने के बाद श्री प्रधान की टेलीफोन के जरिए श्री लाल के साथ चर्चा करने की बात पता चली है। श्री प्रधान ने आशा व्यक्त की है कि संस्कृति सम्पन्न राज्य में प्रोफेसर लाल अपने कार्यकाल को सुचारु रूप से पालन करने के साथ ओड़िशा में अपना कार्यकाल खुशी के साथ बिताएंगे।