ओडिशा में घंटा और शंख बजा पुजारी करेंगे विरोध प्रदर्शन, आम लोगों से शामिल होने का आह्वान
ओडिशा में मठ-मंदिरों के सामने पुजारी सेवक एवं उनके परिवार के लोग घंट-घंटा बजाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। आम लोगों से भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया गया है। ओडिशा मंदिर सेवक संघ की तरफ से ये जानकारी मिली है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। ओडिशा में 28 अक्टूबर को एक बार फिर घंट घंटा एवं शंख बजाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे प्रदेश के तमाम मंदिरों के पुजारी व सेवक। एक पत्रकार सम्मेलन कर यह जानकारी ओडिशा मंदिर सेवक संघ की तरफ से दी गई है। संघ के अध्यक्ष कामेश्वर त्रिपाठी ने कहा है कि राज्य भर में मौजूद तमाम मठ मंदिर के सामने यह प्रतिवाद किया जाएगा। रविवार को बारीपदा के जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में पूजा पंडा एवं सेवकों के साथ चर्चा करने के बाद यह घोषणा उन्होंने की है। उन्होंने कहा है कि सरकार ने आज तक कोरोना प्रतिबंध बताकर मंदिरों को भक्तों के लिए बंद रखा है। परिणाम स्वरूप विभिन्न मंदिरों के सेवक तथा पुजारी एवं उनके परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। लगभग 7 महीने से मठ मंदिर बंद पड़े हैं।
ब्राह्मण परिवार की स्थिति दयनीय
ऐसे में इन मठ मंदिरों पर निर्भर रह कर अपने परिवार का गुजारा करने वाले ब्राह्मण परिवार की स्थिति काफी दयनीय हो गई है। इसके प्रतिवाद में हमने पहले भी घंट घंटा बजाकर प्रतिवाद किया था मगर कोई लाभ नहीं हुआ। सरकार ने ना ही हमारी बात सुनी और ना ही हमारे लिए कोई व्यवस्था की। कोरोना के समय में सरकार ने अन्य लोगों के लिए सहायता की घोषणा की है मगर मठ मंदिर के पुजारी एवं सेवकों के लिए सरकार ने कोई व्यवस्था नहीं की है। त्रिपाठी ने कहा कि इसके प्रतिवाद में 28 अक्टूबर को राज्य भर के तमाम मठ मंदिरों में सभी सेवक एवं पुजारी के परिवार के लोग शामिल होकर घंटा बजाएंगे और अपना विरोध प्रर्दशन करेंगे। इस प्रतिवाद में उन्होंने आम लोगों से भी शामिल होने का आह्वान किया है।