समुद्री व्यापार परंपरा के महापर्व बालीयात्रा का उद्घाटन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने चखा कटक के प्रसिद्ध दहीबड़ा-आलूदम का स्वाद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कटक में ऐतिहासिक बालीयात्रा महोत्सव का उद्घाटन किया, जहां उन्होंने पारंपरिक नौका यात्रा की और महिला उद्यमियों से संवाद किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सिल्वर सिटी कटक में आयोजित विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया।
HighLights
राष्ट्रपति मुर्मु ने कटक में बालीयात्रा महोत्सव का उद्घाटन किया।
उन्होंने पारंपरिक नौका यात्रा कर महोत्सव स्थल तक पहुंचीं।
जासं, कटक/भुवनेश्वर। ओडिशा की ऐतिहासिक समुद्री व्यापार परंपरा और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक 'बालीयात्रा' महोत्सव का मंगलवार को आगाज हुआ।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सिल्वर सिटी कटक में आयोजित इस विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर की सबसे खास बात यह रही कि राष्ट्रपति पारंपरिक नौका यात्रा करते हुए महोत्सव स्थल तक पहुंचीं।
उन्होंने बोट क्लब से कलिंग तरंगिणी नौका पर सवार होकर बालीयात्रा मैदान तक की यात्रा की और इसके बाद बैष्णव पाणी मंच पर दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया।
इससे पूर्व, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने दो दिवसीय ओडिशा प्रवास पर मंगलवार को भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से भुवनेश्वर पहुंचीं।
बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राज्यपाल ब्रज मोहन राम, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। हवाई अड्डे से राष्ट्रपति सीधे लोक भवन पहुंचीं, जहां उनके प्रवास की व्यवस्था की गई है।
महिला उद्यमियों से संवाद और कटक के पारंपरिक जायके का आनंद
बालीयात्रा भ्रमण के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु ने स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिला उद्यमियों से भी विशेष मुलाकात की।
ओआरएमएएस (ORMAS) पवेलियन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने महिला उद्यमियों के साथ संवाद कर उनके कामकाज, उत्पादों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी ली।
इस दौरान राष्ट्रपति के आतिथ्य में कटक के प्रसिद्ध पारंपरिक व्यंजन 'दहीबड़ा-आलूदम' की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। उन्होंने ओडिशा के इस लोकप्रिय स्थानीय व्यंजन का स्वाद भी चखा।
चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा: 38 वॉच टावर और एआई कैमरों से निगरानी
राष्ट्रपति के दौरे और बालीयात्रा के उद्घाटन को लेकर कटक में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। बालीयात्रा मैदान से लेकर राष्ट्रपति के आवागमन वाले सभी मार्गों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए करीब 70 प्लाटून पुलिस बल और 400 से अधिक पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई थी।
पूरे महोत्सव स्थल पर पैनी नजर रखने के लिए 38 वॉच टावर स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, 1200 सीसीटीवी कैमरों और 100 अत्याधुनिक एआई (AI) आधारित कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।
राष्ट्रपति के काफिले के मार्ग में सादे कपड़ों में भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था, वहीं सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई।