ओडिश में आज से सजेगा बालीयात्रा का महाकुंभ, पहली बार राष्ट्रपति करेंगी उद्घाटन
कटक में महानदी के तट पर ऐतिहासिक बालीयात्रा महोत्सव का आज से भव्य आगाज हो रहा है। पहली बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इसका उद्घाटन करेंगी, जिससे इस वर्ष के आयोजन का महत्व बढ़ गया है।

ओडिश में आज से सजेगा बालीयात्रा का महाकुंभ, पहली बार राष्ट्रपति करेंगी उद्घाटन (PTI File Image)
HighLights
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी ऐतिहासिक बालीयात्रा का उद्घाटन।
महानदी तट पर 8 दिनों तक चलेगा यह भव्य महोत्सव।
60 एकड़ में 1800 से अधिक स्टॉल, 80 लाख लोग अपेक्षित।
जागरण संवाददाता, कटक। महानदी के विस्तृत रेतीले तट पर मंगलवार से व्यापार, संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। ओडिया जाति के गौरवशाली समुद्री व्यापार, साहसी नाविकों और समृद्ध सामुद्रिक विरासत का प्रतीक ऐतिहासिक कटक बालीयात्रा का आगाज आज होगा।
इस बार बालीयात्रा कई मायनों में खास है। पहली बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति की मौजूदगी से इस वर्ष के आयोजन का महत्व और बढ़ गया है।
24 नवंबर से एक दिसंबर तक आठ दिनों तक महानदी के तट पर स्थित ऊपरी और निचले मैदान में बालीयात्रा का आयोजन होगा। करीब 60 एकड़ क्षेत्र में लगने वाले इस मेले में 1800 से अधिक स्टॉल सजेंगे। आयोजन पर कुल 17 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
इसमें राज्य सरकार 10 करोड़ रुपये का अनुदान देगी। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि आठ दिनों में करीब 80 लाख लोग मेले में पहुंचेंगे और लगभग 350 करोड़ रुपये का कारोबार होगा।
ऊपरी मैदान में 591 स्टॉल, निचले मैदान में एक हजार से अधिक
बालीयात्रा के ऊपरी मैदान में 1.93 लाख वर्गफुट क्षेत्र में 591 स्टॉल लगाने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए मैदान को 11 ब्लॉकों में बांटा गया है। यहां 120 खाद्य स्टॉल, 15 हजार वर्गफुट में मनोरंजन जोन और विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
वहीं, निचले मैदान में एक हजार से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। ओआरएमएएस की ओर से करीब 500 स्टॉल खोले जाएंगे। इनमें राज्य के हथकरघा, हस्तशिल्प, ग्रामीण उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री होगी।
विशेष नाव से गड़गड़िया घाट पहुंचेंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति का दौरा इस बार बालीयात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण होगा। उनके लिए विशेष रूप से 'कलिंग तरंगिणी' नाव तैयार की गई है। राष्ट्रपति सिल्वर सिटी बोट क्लब से इसी नाव के जरिए गड़गड़िया घाट पहुंचेंगी। उनके साथ उनकी बेटी, सुरक्षा एवं चिकित्सा दल के सदस्यों समेत करीब 15 लोग रहेंगे।
राष्ट्रपति की नाव की सुरक्षा में सात विशेष नौकाएं तैनात रहेंगी। नौसेना, अग्निशमन विभाग और ओड्राफ की टीमें भी जलमार्ग पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगी।
बालीयात्रा मैदान पहुंचने पर राष्ट्रपति सबसे पहले 'कटक इन कटक' पवेलियन का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद ओआरएमएएस के स्टॉल का भ्रमण करेंगी।
फिर गणकवि वैष्णव पाणि मंच पर मुख्य उद्घाटन समारोह में शामिल होंगी। समारोह में राज्यपाल ब्रजमोहन राम और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
कलिंग और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक रिश्तों की दिखेगी झलक
इस बार 'कटक इन कटक' पवेलियन विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। यहां प्राचीन कलिंग और इंडोनेशिया के बाली द्वीप के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। इस आयोजन में शामिल होने के लिए इंडोनेशिया का एक प्रतिनिधिमंडल भी कटक पहुंचेगा।
26 नवंबर को गूंजेगी पापोन की आवाज
बालीयात्रा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी। गणकवि वैष्णव पाणि और अक्षय महांति मंच पर राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 26 नवंबर को बालीवुड के लोकप्रिय गायक पापोन अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।
70 प्लाटून पुलिस बल संभालेगा सुरक्षा
लाखों लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मेले में 70 प्लाटून पुलिस बल के साथ 400 पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। सुरक्षा निगरानी के लिए मैदान में 38 वाच टावर, 38 पुलिस सहायता केंद्र, 1200 सीसीटीवी कैमरे और 100 एआइ आधारित कैमरे लगाए जाएंगे।
इसके अलावा 22 नवंबर से तीन दिसंबर तक बालीयात्रा मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे को ड्रोन निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया गया है। पूरे आयोजन के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।