Move to Jagran APP

ओडिशा में फिर से पश्चिमी विक्षोभ आने की सम्भावना, गरज के साथ होगी बारिश, किसानों को फसल काटने की दी गई सलाह

ओडिशा में पछुआ हवाओं का असर एक बार फिर से 26 मार्च से देखने को मिलेगा। राज्य में 15 अगस्त से महसूस किए जा रहे पश्चिमी विक्षोभ से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है और अब इसने किसानों की चिंता एक बार फिर से बढ़ा दी है।

By Jagran NewsEdited By: Arijita SenFri, 24 Mar 2023 11:04 AM (IST)
ओडिशा में फिर से पश्चिमी विक्षोभ आने की सम्भावना, गरज के साथ होगी बारिश, किसानों को फसल काटने की दी गई सलाह
ओडिशा में पछुआ हवाओं के असर की एक प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में एक बार फिर 26 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। 26 मार्च को बिजली गिरने और गरज के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी होगी। इसी तरह 27 मार्च को वर्षा की तीव्रता बढ़ेगी। 11 तटीय जिलों और आसपास के जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होगी। हवा की गति भी तेज रहेगी। आशंका जताई जा रही है कि इस तरह के मौसम से खेती पर गहरा असर पड़ेगा इसलिए मौसम विज्ञान केंद्र ने सब्‍जी, मूंग और बीरी जैसी कटाई योग्‍य फसलों की जल्द से जल्द कटाई करने की सलाह दी है।

पश्चिमी तूफान से फसलों को पहुंचा भारी नुकसान

उल्लेखनीय है कि राज्य में 15 अगस्त से महसूस किए जा रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में एकड़ फसलों को नुकसान पहुंचा है। कहीं मूंग और बीरी की फसल नष्ट हो गई, तो कहीं फूलगोभी और तरबूज के नुकसान की तस्वीरें सामने आईं। इससे परेशान किसान अभी संंभले भी नहीं थे कि 26 से एक और पश्चिमी तूफान के डर ने किसानों को चिंतित कर दिया है।

26 मार्च से देखा जाएगा पछुआ हवाओं का असर

मौसम वैज्ञानिक उमाशंकर दास ने बताया कि आमतौर पर मार्च में होने वाली बारिश में ओलावृष्टि का खतरा ज्यादा होता है। 26 तारीख से ओडिशा पर एक और पछुआ तूफान असर डालेगा। हालांकि, इस बारिश की मात्रा क्या होगी, ओलावृष्टि होगी या नहीं यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। एक-दो दिन में यह तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी इसलिए किसानों के लिए कटाई योग्य सब्जियों या अन्य फसलों की कटाई करना बेहतर है।

कई जिलों में गरज के साथ होगी बारिश

गौरतलब है कि गुरुवार को राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और मालकानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, रायगढ़ा, कंधमाल, गजपति, मयूरभंज और बालेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। अगले दो दिनों में राज्य के तापमान में 2 से 4 डिग्री की वृद्धि होगी। बाद में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। राजधानी और आसपास के इलाकों में आज (शुक्रवार) आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं।