प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ओडिशा दौरा आज, भुवनेश्वर में RBI के नए डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा के भुवनेश्वर दौरे पर हैं, जहां वे इन्फोवैली-2 में आरबीआई के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। फाइल फोटो
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी भुवनेश्वर में आरबीआई डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे।
यह संस्थान वित्तीय क्षेत्र में साइबर सुरक्षा को मजबूत करेगा।
इन्फोवैली-2 में 18 एकड़ में बना डेटा सेंटर महत्वपूर्ण है।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को ओडिशा के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह भुवनेश्वर के इन्फोवैली-2 में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री शाम करीब 4:45 बजे उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 2:45 बजे वाराणसी से विशेष विमान से रवाना होंगे और शाम 4:10 बजे भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। यहां से वह विशेष हेलीकाप्टर से इन्फोवैली-2 जाएंगे। वहां आरबीआई के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।
वित्तीय क्षेत्र को मिलेगी तकनीकी मजबूती
साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान बैंकिंग, वित्तीय सेवा और बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के प्रशिक्षण, अनुसंधान और जमीनी स्तर पर कौशल विकास के लिए एक समर्पित संस्थागत मंच उपलब्ध कराएगा।
इसमें कंप्यूटिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) और अन्य अत्याधुनिक तकनीकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे वित्तीय क्षेत्र में तकनीकी दक्षता बढ़ाने और साइबर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
इन्फोवैली-2 क्षेत्र में करीब 18 एकड़ जमीन पर इस डेटा सेंटर का निर्माण किया गया है। वर्ष 2023 में इसकी आधारशिला रखी गई थी।
देश के महत्वपूर्ण वित्तीय आंकड़ों और डिजिटल बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिहाज से इस परियोजना को काफी अहम माना जा रहा है।
भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए यहां डेटा सेंटर स्थापित किया गया है। प्रधानमंत्री के आगमन और कार्यक्रम को देखते हुए परिसर में तीन अस्थायी हेलीपैड भी बनाए गए हैं।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम 5:50 बजे प्रधानमंत्री का काफिला कार्यक्रम स्थल से रवाना होगा। शाम 6:30 बजे वह भुवनेश्वर हवाई अड्डे पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 6:36 बजे उनका विशेष विमान दिल्ली के लिए रवाना हो जाएगा।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर कड़ी सुरक्षा
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा के लिए 70 प्लाटून पुलिस बल के साथ करीब 300 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है।
शनिवार को विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था।
यह भी पढ़ें- पीएम ई-बस योजना का विस्तार: ओडिशा के नौ और शहरों में दौड़ेगी ई-बस, 1.53 लाख परिवारों को मिला पीएम आवास
