विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम मोदी ने ओडिशा में RBI के ग्रीनफील्ड डाटा सेंटर का किया उद्घाटन, डिजिटल लेनदेन होगा अब और सुरक्षित

Published: Sun, 25 Oct 2026 05:35 PM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा के जटनी में आरबीआई के अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया।

पीएम मोदी ने किया उद्घाटन। (जागरण)

पीएम मोदी ने किया उद्घाटन। (जागरण)

HighLights

  1. PM मोदी ने ओडिशा में RBI डेटा सेंटर का उद्घाटन किया।

  2. यह डिजिटल वित्तीय ढांचे को मजबूत करेगा, साइबर सुरक्षा बढ़ाएगा।

  3. 169 करोड़ की लागत से 18.55 एकड़ में बना।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ओडिशा के एक दिवसीय दौरे के दौरान खुर्दा जिले के जटनी स्थित इन्फो वैली-द्वितीय में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड डाटा सेंटर का उद्घाटन किया।

इसके साथ ही साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ब्रजमोहन राम, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उप मुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव प्रमुख उपस्थित रहे।

करीब 169 करोड़ रुपये की लागत से 18.55 एकड़ भूमि पर इस डाटा सेंटर का निर्माण किया गया है। नवी मुंबई के बाद यह आरबीआई का दूसरा डाटा सेंटर है। इसके शुरू होने से देश के डिजिटल वित्तीय ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस डाटा सेंटर में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई), नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड्स ट्रांसफर (एनईएफटी) और रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (आरटीजीएस) जैसे डिजिटल भुगतान माध्यमों से होने वाले लेनदेन से संबंधित सूचनाओं को सुरक्षित रखा जाएगा।

pm modi odisha

साइबर हमलों और तकनीकी गड़बड़ियों की स्थिति में भी बैंकिंग सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने में यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

डाटा सेंटर में क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और बिग डाटा एनालिटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों पर विशेष जोर दिया जाएगा।

साइबर सुरक्षा की दी जाएगी ट्रेनिंग

वहीं, साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से देश की डिजिटल वित्तीय प्रणाली को साइबर खतरों से सुरक्षित रखने के लिए विशेषज्ञता और प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर राजधानी भुवनेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कमिश्नरेट पुलिस की ओर से 57 प्लाटून पुलिस बल और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की पांच प्लाटून तैनात की गई थीं। प्रधानमंत्री के आवागमन को सुचारु बनाने के लिए भुवनेश्वर में यातायात पर भी प्रतिबंध लगाए गए थे।

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी का 25 अक्टूबर को यूपी और ओडिशा दौरा, वाराणसी में गारमेंट यूनिट और भुवनेश्वर में RBI डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन