पीएम मोदी का 25 अक्टूबर को यूपी और ओडिशा दौरा, वाराणसी में गारमेंट यूनिट और भुवनेश्वर में RBI डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी और भुवनेश्वर का दौरा करेंगे। वे वाराणसी में कपड़ा इकाई का उद्घाटन करेंगे और ...और पढ़ें

पीएम मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी और भुवनेश्वर में देंगे विकास की सौगात (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्तूबर को उत्तर प्रदेश के वाराणसी और ओडिशा के भुवनेश्वर के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी की यात्रा के दौरान वे देश के कपड़ा उद्योग को बढ़ावा देने के साथ-साथ वित्तीय और तकनीकी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाली कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
पीएम के दौरे से आर्थिक विकास और रक्षा क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर स्थापित होने की उम्मीद है।
वाराणसी में कपड़ा निर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे
वाराणसी दौरे की शुरुआत सुबह लगभग 11 बजे होगी, जहां पीएम मोदी अरविंद लिमिटेड की एक नई कपड़ा निर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे। यह आधुनिक ईकाई भारत के कपड़ा और परिधान निर्माण इकोसिस्टम को अत्यधिक मजबूती प्रदान करेगी।
वैश्विक ग्राहक आधार वाली यह फैक्ट्री वाराणसी में बने कपड़ों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। मुख्य रूप से महिलाओं के नेतृत्व वाली यह पहल स्थानीय स्तर पर औद्योगिक विकास को गति देगी और विशेष रूप से महिलाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा करेगी।
वायु सेना के कार्यक्रम में होंगे शामिल
गारमेंट इकाई के उद्घाटन के बाद, पीएम मोदी दोपहर करीब 1 बजे वाराणसी के प्रसिद्ध नमो घाट पहुंचेंगे। यहां वे भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विंग्स ओवर गंगा थीम पर आधारित इस भव्य हवाई प्रदर्शन में देश की सैन्य ताकत का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा।
इस शो में तेजस, लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर प्रचंड, सुखोई-30एमकेआई और राफेल जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों के अलावा परिवहन विमान भी आसमान में करतब दिखाएंगे।
खास बात यह है कि इसमें भारतीय थल सेना और नौसेना के विमान भी हिस्सा लेंगे, जो तीनों सेनाओं के बीच बेहतरीन आपसी तालमेल और संयुक्त परिचालन क्षमता को प्रदर्शित करेगा। इसके अलावा, वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी अपनी सटीक उड़ान और रोमांचक कलाबाजियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।
शाम को पहुंचेंगे भुवनेश्वर
वाराणसी के कार्यक्रमों के बाद, पीएम मोदी ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगे। शाम करीब 4:45 बजे वे भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अत्याधुनिक डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे वहां उपस्थित गणमान्य लोगों और आमजन को संबोधित भी करेंगे।
भुवनेश्वर में स्थापित यह नया डेटा सेंटर भारत की वित्तीय प्रणाली को सहारा देने वाले तकनीकी ढांचे को एक नई मजबूती देगा। इसे देश के केंद्रीय बैंक और व्यापक वित्तीय क्षेत्र के लिए एक सुरक्षित, मजबूत और भविष्य के लिए तैयार कंप्यूटिंग इकोसिस्टम प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह डेटा सेंटर महत्वपूर्ण भुगतान और निपटान प्रणालियों को होस्ट करेगा।
इस सुविधा को वैश्विक स्तर पर डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए सर्वोच्च अपटाइम इंस्टीट्यूट टियर IV मानक का प्रमाणन मिला है, जो इसकी उच्चतम परिचालन मजबूती को दर्शाता है। यह दुनिया भर के बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा क्षेत्र के सबसे बड़े टियर IV-प्रमाणित डेटा सेंटरों में से एक है।
इस हाई-टेक डेटा सेंटर के शुरू होने से डिजिटल वित्तीय सेवाओं की पहुंच, दक्षता और विश्वसनीयता में भारी सुधार होगा। यह भारत की तेजी से तकनीक-आधारित होती डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए एक सुरक्षित आधार का काम करेगा।
इसके साथ ही, उद्घाटन किए जाने वाले साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का मुख्य उद्देश्य पूरे वित्तीय क्षेत्र में साइबर सुरक्षा और एंटरप्राइज तकनीक से जुड़े प्रशिक्षण, अनुसंधान और क्षमता विकास के लिए एक समर्पित मंच प्रदान करना है।
यह संस्थान BFSI सेक्टर से जुड़ी उभरती और आधुनिक तकनीकों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित करेगा, जिनमें क्वांटम कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी अत्याधुनिक तकनीकें शामिल हैं।
