धूमधाम से मनाया गया विश्व पखाल दिवस
राजधानी समेत पूरे राज्य में विश्व पखाल दिवस बुधवार को धूमधाम से मनाया गया।
संसू, भुवनेश्वर : राजधानी समेत पूरे राज्य में विश्व पखाल दिवस बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर राजधानी के विभिन्न होटलों में भी विशेष व्यवस्था रही। इस अवसर पर लोगों ने पखाल पारंपरिक ओड़िया खाद्य, जिसे पानी भात कहा जाता है, ग्रहण किया। इसमें पखाल भात के साथ बड़ी चूड़ा, चटनी, केला भुजिया (फ्राई), साग खाने का आनंद लिया।
उल्लेखनीय है कि देश दुनिया में रहने वाले ओडिशा के लोग 20 मार्च को पखाल दिवस मनाते हैं। इस पारंपरिक ओड़िया खाद्य को विश्वभर में लोकप्रिय बनाने के लिए 20 मार्च की तिथि को चुना गया है। गर्मी के दिन में पखाल भात की मांग बढ़ जाती है। आजकल पांच सितारा होटलों में भी गर्मी के दिन आते ही पखाल परोसा जाता है। कभी इसे गरीब लोगों का खाना बताया जाता था। मगर आज समय बदल चुका है और आज उच्चवर्ग से लेकर पांच सितारा होटलों तक में पखाल की धूम है। राजधानी के कई नामी होटलों सहित हर छोटे-बडे होटलों में पखाल भात की थालियां परोसी जा रही है। आज के फास्टफूड के जमाने में पारंपरिक खाद्य पखाल को लेकर लोगों में संजीदगी बनाए रखने के उद्देश्य से हर साल 20 मार्च को पखाल दिवस मनाया जा रहा है।