विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में नकली नोटों से स्कूटी खरीदने पहुंचा था नाबालिग, बंडल की मोटाई से खुल गई पोल 

Published: Wed, 23 Sep 2026 10:39 AM (IST)

बरगढ़ में ओएलएक्स पर ओला स्कूटर बेचने के दौरान एक नाबालिग खरीदार 45 हजार रुपये के नकली नोटों के साथ पकड़ा गया।

एआई जनरेटेड फोटो

एआई जनरेटेड फोटो

HighLights

  1. ओएलएक्स पर ओला स्कूटर बेचने का विज्ञापन दिया गया था।

  2. नाबालिग खरीदार 45 हजार रुपये के नकली नोटों के साथ पकड़ा गया।

  3. पुलिस नकली नोटों के स्रोत और गिरोह की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बरगढ़ जिले में ऑनलाइन खरीद-बिक्री प्लेटफॉर्म ओएलएक्स के जरिए स्कूटर खरीदने का एक मामला नकली नोटों के कारोबार तक पहुंच गया। ओला स्कूटर खरीदने आए एक नाबालिग को पुलिस ने 45 हजार रुपये के नकली नोटों के साथ हिरासत में लिया है।

बरगढ़ टाउन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से आए और क्या इसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है।

नोटो के बंडल से खुला राज

जानकारी के अनुसार, बरगढ़ निवासी स्वागत साहू ने अपनी ओला स्कूटर बेचने के लिए 11 सितंबर को ओएलएक्स पर विज्ञापन पोस्ट किया था। कुछ दिनों बाद एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और व्हाट्सएप कॉल व चैट के माध्यम से बातचीत शुरू की। दोनों के बीच स्कूटर का सौदा 45 हजार रुपये में तय हुआ।

मंगलवार को खरीदार बरगढ़ पहुंचा और नकद राशि देकर स्कूटर खरीदने की प्रक्रिया पूरी करने लगा। स्वागत साहू ने जब रुपये गिने तो उन्हें नोटों के बंडल की मोटाई सामान्य से अधिक लगी। इससे उन्हें संदेह हुआ। उन्होंने रकम की सत्यता जांचने के लिए बैंक का रुख किया।

बैंक में जांच के दौरान पता चला कि पूरी रकम नकली नोटों की थी। इसके बाद स्वागत साहू ने तत्काल बरगढ़ टाउन थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाबालिग को हिरासत में ले लिया और नकली नोट जब्त कर लिए।

जांच में जुटी पुलिस 

पुलिस के अनुसार जब्त नोटों में 500, 200 और 100 रुपये के मूल्यवर्ग के नोट शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि नकदी ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त की गई थी। हालांकि पुलिस अभी इस पहलू की विस्तृत जांच कर रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नाबालिग को नकली नोट किसने उपलब्ध कराए और क्या वह किसी बड़े नेटवर्क के संपर्क में था। हिरासत में लिया गया नाबालिग सुंदरगढ़ जिले का निवासी बताया जा रहा है और वह स्कूटर खरीदने के लिए बरगढ़ आया था।

पीड़ित स्वागत साहू ने बताया कि सौदा तय होने के बाद खरीदार उनके बताए स्थान पर पहुंचा और 45 हजार रुपये नकद दिए। नोटों का बंडल जरूरत से ज्यादा मोटा लगने पर उन्हें शक हुआ। बैंक में जांच कराने पर सभी नोट नकली पाए गए। इसके बाद उन्होंने खरीदार को पुलिस के हवाले कर दिया।

मामले में पुलिस की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि नकली नोटों के स्रोत और संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बिहार के बाद अब ओडिशा में शर्मनाक घटना: सड़क पर टूरिस्ट कपल से बदसलूकी, हिरासत में 2 आरोपी