ओडिशा में तंत्र विद्या का खौफनाक खेल, मौत के 42 दिन बाद कब्र से युवती का सिर काटकर ले गए तांत्रिक
ओडिशा के नवरंगपुर में एक युवती की मौत के 42 दिन बाद उसकी कब्र खोदकर शव का सिर काट लिया ...और पढ़ें

कब्र से युवती का सिर काटकर ले गए तांत्रिक
HighLights
नवरंगपुर में 42 दिन बाद कब्र से शव का सिर गायब।
घटनास्थल पर तंत्र पूजा और बलि के निशान मिले।
पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के नवरंगपुर जिले में अंधविश्वास और तंत्र विद्या के नाम पर एक बेहद वीभत्स घटना सामने आई है। तेंतुलीखुंटी थाना क्षेत्र के नरसिंहगुड़ा गांव में एक युवती की मौत के 42 दिन बाद उसकी कब्र खोदकर शव का सिर काटकर ले जाने का आरोप लगा है।
घटनास्थल पर दो मुर्गों की बलि देने और तंत्र पूजा किए जाने के निशान भी मिले हैं। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
गांव के श्मशान में शव को दफनाया
जानकारी के अनुसार, गांव की 27 वर्षीय अविवाहित युवती की गत 26 सितंबर को मौत हो गई थी। वह चेचक से पीड़ित थी। बीमारी के दौरान उसके शरीर में भगवान का वास होने की मान्यता के चलते परिवार के लोगों ने उसका अंतिम संस्कार करने के बजाय गांव के श्मशान में शव को दफना दिया था।
स्थानीय मान्यता के अनुसार, शव दफनाने के शुरुआती 21 दिनों तक तांत्रिकों की ओर से किसी तरह की गतिविधि किए जाने की आशंका थी। इसी वजह से परिजन लगातार श्मशान की निगरानी कर रहे थे। 21 दिन बाद उन्होंने निगरानी बंद कर दी थी।
कब्र में मिले पूजा-पाठ के सामान
मृत्यु के 42 दिन बाद सुबह कुछ ग्रामीण शौच के लिए श्मशान की ओर गए तो उन्होंने युवती की कब्र खुदी हुई देखी। इसकी सूचना परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने देखा कि कब्र के अंदर दो मुर्गों की बलि दी गई थी। आसपास तंत्र पूजा में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री भी बिखरी पड़ी थी।
परिजनों का आरोप है कि शव से सिर काटकर ले जाया गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि इस घटना के पीछे तंत्र विद्या या किसी गुप्त पूजा-पाठ का उद्देश्य हो सकता है।
घटना के बाद परिजनों ने शव को दोबारा दफना दिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। नवरंगपुर के एसडीपीओ कृष्णचंद्र भतरा ने बताया कि अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर दफनाए गए शव को बाहर निकालकर जांच की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।