Weather Update: ओडिशा में 13 अक्टूबर के बाद बदलेगा मौसम, तटीय जिलों में बारिश के आसार
दक्षिण अंडमान सागर के पास बने चक्रवाती परिसंचरण से 13 अक्टूबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का ...और पढ़ें

13 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। (AI Generated Image)
HighLights
दक्षिण अंडमान सागर में चक्रवाती परिसंचरण से कम दबाव का क्षेत्र।
13 अक्टूबर की रात से तटीय ओडिशा में बारिश की संभावना।
दशहरा के दौरान राज्य में मौसम शुष्क और सुहाना रहेगा।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। दक्षिण अंडमान सागर के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के उत्तर अंडमान की ओर आगे बढ़ने की संभावना है।
इसके प्रभाव से आगामी 13 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार इसका प्रभाव बहुत अधिक रहने की आशंका नहीं है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आकलन के मुताबिक, इस संभावित कम दबाव के कारण ओडिशा में लगातार या भारी बारिश की संभावना फिलहाल कम है।
मुख्य रूप से दशहरा के दौरान राज्यभर में मौसम शुष्क और सुहाना रहने का अनुमान है। अगले पांच दिनों तक राज्य में दिन और रात के तापमान में भी किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
13 की रात से बदल सकता है मौसम का मिजाज
ट्रफ लाइन और पूर्वी दिशा से आने वाली हवाओं के प्रभाव से 13 अक्टूबर की रात से ओडिशा के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
तटीय ओडिशा में 13 अक्टूबर की रात से लेकर 15 अक्टूबर की रात या 16 अक्टूबर की दोपहर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इस दौरान गंजाम, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रापड़ा, भद्रक, बालेश्वर, खुर्दा, कटक, जाजपुर और मयूरभंज जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, कुछेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
14-16 अक्टूबर के बीच पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बन सकता है दबाव
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 13 अक्टूबर को बनने वाला कम दबाव का क्षेत्र 14 से 16 अक्टूबर के बीच अधिक संगठित होकर मध्य या पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर आगे बढ़ सकता है।
इसके असर से तटीय जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। हालांकि, 16 अक्टूबर के बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने और मौसम के एक बार फिर शुष्क होने का अनुमान है। विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
