Odisha Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का ओडिशा पर असर, अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के कारण ओडिशा में भारी से अति भारी वर्षा जारी है। मौसम विभाग ...और पढ़ें

ओडिशा का मौसम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब ओडिशा में भारी बारिश ला रहा है।
राज्य के दक्षिण, पश्चिम और उत्तर ओडिशा में व्यापक वर्षा हो रही है।
नवरंगपुर जिले के लिए अत्यंत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब (डीप डिप्रेशन) बुधवार देर रात कलिंगपट्टनम के निकट तट पार करने के बाद भी ओडिशा में अपना असर दिखा रहा है। इसके प्रभाव से गुरुवार सुबह राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा जारी रही।
मौसम प्रणाली के प्रभाव से दक्षिण, पश्चिम और उत्तर ओडिशा के अनेक जिलों में व्यापक बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।
नवरंगपुर में रेड अलर्ट
आईएमडी ने नवरंगपुर जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। जिले के कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश को देखते हुए जलभराव और अन्य वर्षाजनित समस्याओं की आशंका के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कई स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी दी है। इसके अलावा नौ जिलों में येलो वार्निंग जारी की गई है, जहां गहरे अवदाब के प्रभाव से भारी बारिश होने की संभावना है।
तट पार करने के बाद भी बना रहेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, गहरा अवदाब तट पार कर चुका है, लेकिन इसका प्रभाव अभी समाप्त नहीं हुआ है। यह प्रणाली धीरे-धीरे कमजोर होते हुए अंदरूनी क्षेत्रों की ओर बढ़ेगी, जिससे राज्य में वर्षा गतिविधियां बनी रहेंगी।
दक्षिण और पश्चिम ओडिशा के जिलों में सबसे अधिक असर देखने को मिल सकता है, जबकि उत्तर ओडिशा के कई हिस्सों में भी दिनभर भारी बारिश होने की संभावना है।
लगातार बारिश के कारण जलभराव, यातायात बाधित होने और निचले इलाकों में परेशानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित जिलों के लोगों को सतर्क रहने तथा प्रशासन और आईएमडी द्वारा जारी मौसम संबंधी सलाह का पालन करने को कहा गया है।
