ओडिशा में पंचायत कार्यकारी अधिकारी के 6 ठिकानों पर विजिलेंस का छापा, आय से अधिक संपत्ति की हो रही जांच
ओडिशा विजिलेंस ने बरगढ़ जिले के पंचायत कार्यकारी अधिकारी (पीईओ) कार्तिकेश्वर बेहरा के आय से अधिक संपत्ति मामले में छह ठिकानों पर छापेमारी की है।
-1790055867186_m.webp)
कार्तिकेश्वर बेहरा। फोटो जागरण
HighLights
बरगढ़ पीईओ कार्तिकेश्वर बेहरा के ठिकानों पर विजिलेंस का छापा।
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में कार्रवाई जारी।
गाइसीलेट और कटाभाल सहित छह परिसरों पर तलाशी अभियान।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने मंगलवार को बरगढ़ जिले के पंचायत कार्यकारी अधिकारी (पीईओ) कार्तिकेश्वर बेहरा से जुड़े छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। बेहरा पर ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
कार्तिकेश्वर बेहरा वर्तमान में गाइसीलेट ब्लॉक के कटाभाल ग्राम पंचायत में पीईओ के रूप में कार्यरत हैं। इसके अलावा वह फिरिंगीमाल और गौरेनमुंडा ग्राम पंचायतों के प्रभारी पीईओ की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
विजिलेंस की यह कार्रवाई बरगढ़ के विशेष न्यायाधीश (विजिलेंस) द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर की जा रही है। छापेमारी में पांच डीएसपी, आठ इंस्पेक्टर, दो एएसआई तथा अन्य सहायक कर्मियों की टीम शामिल है।
विजिलेंस की जांच के दायरे में आए छह स्थानों में गाइसीलेट के निकट कंदागढ़ स्थित बेहरा का दो मंजिला आवासीय भवन, कंदागढ़ में छह कमरों वाला मार्केट कॉम्प्लेक्स, तीन कमरों का गोदाम, गाइसीलेट में निर्माणाधीन चार मंजिला भवन, कंदागढ़ स्थित पैतृक आवास तथा बरगढ़ जिले के कटाभाल ग्राम पंचायत स्थित पीईओ का कार्यालय कक्ष शामिल हैं।
विजिलेंस अधिकारी इन परिसरों में दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक तलाशी अभियान जारी था और मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा की फाइनल वोटर लिस्ट जारी: राज्य में अब 3.16 करोड़ मतदाता, अगर कटा है नाम तो ऐसे करें अपील
