ओडिशा की फाइनल वोटर लिस्ट जारी: राज्य में अब 3.16 करोड़ मतदाता, अगर कटा है नाम तो ऐसे करें अपील
ओडिशा में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पूरा होने के बाद अंतिम मतदाता सूची-2026 जारी कर दी गई ...और पढ़ें

ओडिशा में एसआईआर प्रक्रिया संपन्न, 3.16 करोड़ मतदाताओं के साथ अंतिम सूची जारी
HighLights
ओडिशा में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण पूरा हुआ।
अंतिम मतदाता सूची-2026 में 3.16 करोड़ से अधिक मतदाता।
सीईओ ने मतदाताओं को नाम जांचने और अपील करने की सलाह दी।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके तहत अंतिम मतदाता सूची-2026 सोमवार (21 सितंबर) को प्रकाशित कर दी गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ), ओडिशा के अनुसार राज्य में अब कुल 3,16,32,754 मतदाता हैं। इनमें 1,61,30,319 पुरुष, 1,54,99,661 महिलाएं तथा 2,774 तृतीय लिंग (थर्ड जेंडर) मतदाता शामिल हैं।
एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने से पहले, 17 मई 2026 तक ओडिशा में कुल 3,33,99,591 मतदाता दर्ज थे। पहले चरण में 3,13,87,034 मतदाताओं से गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) प्राप्त हुए, जो कुल मतदाताओं का 93.97 प्रतिशत है। जिन 20,12,557 मतदाताओं के फॉर्म प्राप्त नहीं हुए, उनके नाम 5 जुलाई को प्रकाशित प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए।
सीईओ कार्यालय ने बताया कि फॉर्म प्राप्त नहीं होने के संभावित कारणों में मतदाता का अनुपस्थित होना, स्थानांतरण, मृत्यु, दोहराव वाली प्रविष्टियां तथा अन्य कारण शामिल हैं। प्रारूप मतदाता सूची में कुल 3,13,87,034 मतदाता शामिल थे।
इसके बाद सत्यापन तथा दावा-आपत्ति प्रक्रिया के दौरान 58,36,392 नोटिस जारी किए गए। इनमें ऐसे मतदाताओं को भी नोटिस भेजे गए जिनकी प्रविष्टियां मैप नहीं थीं या जिनके विवरण में तार्किक विसंगतियां पाई गई थीं। इस दौरान कुल 2,55,996 दावे और आपत्तियां प्राप्त हुईं, जिनका निपटारा किया गया।
दावों, आपत्तियों और अन्य आवेदनों के निस्तारण के बाद प्रारूप सूची में 2,90,497 नए मतदाताओं को जोड़ा गया, जबकि 44,777 नाम हटाए गए। इस प्रकार 2,45,720 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई और राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 3,16,32,754 हो गई।
मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) के बाद ओडिशा में अब 45,250 मतदान केंद्र हैं। सेवा मतदाताओं (सर्विस वोटर्स) की अंतिम मतदाता सूची भी प्रकाशित कर दी गई है, जिसमें 46,816 सेवा मतदाता शामिल हैं।
सीईओ कार्यालय ने मतदाताओं को अपनी जानकारी और नाम मतदाता सूची में जांचने की सलाह दी है। अंतिम मतदाता सूची मतदान केंद्रों, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) तथा सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के कार्यालयों में सार्वजनिक निरीक्षण के लिए उपलब्ध है।
अगर कटा है नाम तो ऐसे करें अपील
इस संबंध में सीईओ ओडिशा आर. एस. गोपालन ने कहा कि जिन लोगों के नाम किसी कारणवश सूची से हट गए हैं, वे अपील करना चाहें तो दोबारा आवेदन कर सकते हैं। पहली अपील जिला कलेक्टर के समक्ष और दूसरी अपील सीईओ के समक्ष की जा सकती है।
हालांकि अभी तक हमें कोई अपील प्राप्त नहीं हुई है। वे फॉर्म-6 के माध्यम से पुनः आवेदन भी कर सकते हैं, लेकिन नामांकन से पहले उनके विवरण का सत्यापन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Odisha SIR: ओडिशा में मतदाता सूची से हटाए गए 20 लाख नाम, 6 सितंबर को जारी होगी फाइनल लिस्ट
