विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Odisha SIR: ओडिशा में मतदाता सूची से हटाए गए 20 लाख नाम, 6 सितंबर को जारी होगी फाइनल लिस्ट 

Published: Sun, 05 Jul 2026 08:50 PM (IST)

ओडिशा में विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची से 20 लाख से अधिक नाम हटा दिए गए हैं, जिससे ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. 20 लाख से अधिक नाम मतदाता सूची से हटाए गए।

  2. मृत, स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टियों के कारण नाम हटे।

  3. दावे-आपत्तियां 4 अगस्त तक, अंतिम सूची 6 सितंबर को।

जागरण संवाददाता, अनुगुल (ओडिशा)। ओडिशा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची से 20 लाख से अधिक नाम हटा दिए गए हैं। रविवार को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची के अनुसार राज्य में पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 3.33 करोड़ से घटकर 3.13 करोड़ रह गई है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) आर.एस. गोपालन ने बताया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान मृत, स्थानांतरित, दोहरी प्रविष्टि और सत्यापन में अनुपस्थित मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।

सीईओ के अनुसार, 20 मई को मतदाता सूची फ्रीज किए जाने के समय राज्य में 3.33 करोड़ पंजीकृत मतदाता थे। 30 मई से 28 जून तक चले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद तैयार मसौदा सूची में अब 3.13 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 1.60 करोड़ पुरुष, 1.53 करोड़ महिला तथा 2,775 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

पुनरीक्षण के दौरान हटाए गए नामों में 8.32 लाख मृत मतदाता, 10.07 लाख ऐसे मतदाता शामिल हैं जो दूसरे स्थान पर चले गए या सत्यापन के समय उपलब्ध नहीं मिले। इसके अलावा 1.58 लाख मतदाताओं के नाम एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज पाए गए, जिन्हें हटाया गया। वहीं लगभग 14 हजार मतदाताओं ने बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को निर्धारित गणना प्रपत्र जमा नहीं किए।

कर सकेंगे दावा-आपत्ति

गोपालन ने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम मसौदा सूची में शामिल नहीं हैं, वे अपने दावे और आपत्तियां बीएलओ, ईसीआईनेट (ECINet) मोबाइल एप या निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 अगस्त निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि राज्य के 147 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और 994 सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) सभी दावों और आपत्तियों की जांच करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त अधिकारियों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि सभी मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण हो सके। अंतिम मतदाता सूची 6 सितंबर को प्रकाशित की जाएगी।

एक नजर में

3.33 करोड़ से घटकर 3.13 करोड़ हुई मतदाताओं की संख्या

20 लाख से अधिक नाम मतदाता सूची से हटे

8.32 लाख मृत मतदाताओं के नाम हटाए गए

10.07 लाख स्थानांतरित या सत्यापन में अनुपस्थित मिले

1.58 लाख दोहरी प्रविष्टियां निरस्त

4 अगस्त तक दावे-आपत्तियां, 6 सितंबर को अंतिम सूची प्रकाशित होगी।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में 24 साल बाद शुरू होगा SIR अभियान, 25 मई तक हर जिले में खुलेंगे हेल्प डेस्क