विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

20 प्लॉट, 5 एकड़ का फार्महाउस और कई इमारतें, ओडिशा में इंजीनियर के पास अकूत संपत्ति का खुलासा

Published: Tue, 06 Oct 2026 08:55 AM (GMT+05:30)

ओडिशा विजिलेंस ने मयूरभंज के बेतनटी उपखंड में कार्यरत कार्यपालक अभियंता अरविंद मोहंती के ठिकानों पर छापेमारी कर करोड़ों की संपत्ति का खुलासा किया है।

इंजीनियर के विजिलेंस का छापा। फोटो जागरण

इंजीनियर के विजिलेंस का छापा। फोटो जागरण

HighLights

  1. कार्यपालक अभियंता अरविंद मोहंती के ठिकानों पर विजिलेंस की छापेमारी।

  2. 20 प्लॉट, 5 एकड़ फार्महाउस, कई इमारतें और नकदी बरामद।

  3. आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच अभी भी जारी है।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने मयूरभंज जिले के बेतनटी उपखंड में तैनात कार्यपालक अभियंता (एक्जीक्यूटिव इंजीनियर) अरविंद मोहंती के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में संपत्ति, नकदी और वाहन बरामद किए।

यह कार्रवाई मोहंती के ज्ञात आय स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच के तहत की जा रही है।

कई अचल संपत्तियों का खुलासा

विजिलेंस के अनुसार, बालेश्वर के अंगारगड़िया क्षेत्र में मोहंती के नाम पर लगभग 3,500 वर्ग फुट क्षेत्रफल का एक तीन मंजिला भवन मिला है। इसके अलावा खुर्दा जिले के बलिअंता में लगभग 1,800 वर्ग फुट का दो मंजिला मकान भी मिला है।

जांच के दौरान बालेश्वर के बसंतपुर में मोहंती का 5 एकड़ क्षेत्र में फैला फार्महाउस भी सामने आया है। इस फार्महाउस में दो मत्स्य तालाब और एक पोल्ट्री फार्म मौजूद है।

इसके अलावा बालेश्वर शहर और उसके आसपास स्थित 20 मूल्यवान प्लॉटों की भी पहचान की गई है। विजिलेंस की तकनीकी टीम इन भवनों, फार्महाउस और प्लॉटों का माप एवं मूल्यांकन कर रही है।
नकदी, वाहन और लॉकर भी मिले

छापेमारी के दौरान 2.77 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही एक ब्रेजा कार और दो दोपहिया वाहन भी मिले हैं।

मोहंती की पत्नी और एक सहयोगी के नाम पर संचालित दो बैंक लॉकरों को अभी खोला जाना बाकी है। इसके अलावा बैंक जमा और अन्य वित्तीय निवेशों की भी जांच की जा रही है।

1997 में जूनियर इंजीनियर के रूप में शुरू की थी नौकरी

अरविंद मोहंती ने वर्ष 1997 में जूनियर इंजीनियर के रूप में सरकारी सेवा शुरू की थी। उस समय उनका मासिक वेतन 5,000 रुपये था।

वर्ष 2013 में उन्हें सहायक अभियंता (असिस्टेंट इंजीनियर) और 2023 में सहायक कार्यपालक अभियंता (असिस्टेंट एक्जीक्यूटिव इंजीनियर) के पद पर पदोन्नति मिली।

जनवरी 2025 में उनकी नियुक्ति बेतनोटी आरएंडबी उपखंड में सहायक कार्यपालक अभियंता के रूप में हुई थी।

29 सितंबर 2026 को उन्हें कार्यपालक अभियंता के पद पर पदोन्नत किया गया। विजिलेंस की छापेमारी और जांच अभी जारी है तथा मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में PWD के SDO पर विजिलेंस का शिकंजा, एक साथ 10 ठिकानों पर चल रही छापामारी