ओडिशा विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, अनुसूचित जाति की जमीन की अनुमति के नाम पर घूस ले रहा राजस्व सहायक गिरफ्तार
ओडिशा विजिलेंस ने जाजपुर सब-कलेक्टर कार्यालय के जूनियर राजस्व सहायक प्रसन्न कुमार साहानी को अनुसूचित जाति वर्ग की जमीन खरीद ...और पढ़ें

राजस्व सहायक गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
जाजपुर राजस्व सहायक प्रसन्न साहानी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।
अनुसूचित जाति की जमीन खरीद अनुमति के लिए मांगी थी रिश्वत।
विजिलेंस ने 40 हजार रुपये बरामद किए, संपत्ति की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। अनुसूचित जाति वर्ग के व्यक्ति की जमीन खरीद की अनुमति दिलाने के नाम पर 40 हजार रुपये रिश्वत लेना जाजपुर सब-कलेक्टर कार्यालय के एक कर्मचारी को महंगा पड़ गया। ओडिशा विजिलेंस ने शुक्रवार को जाजपुर सब-कलेक्टर कार्यालय में कार्यरत जूनियर राजस्व सहायक (जेआरए) प्रसन्न कुमार साहानी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर जब्त कर ली गई है।
विजिलेंस सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपनी मां के पक्ष में 16 डिसमिल जमीन खरीदने के लिए 29 नवंबर 2025 को सब-कलेक्टर कार्यालय में आवेदन किया था।
जमीन के मालिक अनुसूचित जाति वर्ग से होने के कारण नियमानुसार सक्षम प्राधिकारी से अनुमति आवश्यक थी। आरोप है कि आवेदन के कई माह बाद भी फाइल आगे नहीं बढ़ाई जा रही थी।
48 हजार रुपये रिश्वत की मांग
शिकायतकर्ता का आरोप है कि फाइल को मंजूरी के लिए आगे बढ़ाने और अनुमति दिलाने के बदले प्रसन्न कुमार साहानी ने 48 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में बातचीत के दौरान राशि घटाकर 40 हजार रुपये कर दी गई। लगातार हो रही मांग और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने ओडिशा विजिलेंस से संपर्क किया।

शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत शुक्रवार को शिकायतकर्ता आरोपी के कार्यालय पहुंचा और 40 हजार रुपये सौंपे। रुपये लेते ही पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने साहानी को दबोच लिया। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से पूरी रिश्वत राशि बरामद हुई।
दो ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति
विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि ट्रैप कार्रवाई के बाद आरोपी के दो ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के संबंध में एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में कटक विजिलेंस थाना में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा-7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
