विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में भारी बारिश को लेकर परिवहन विभाग सतर्क, सभी RTO को हाई अलर्ट पर रखा गया

Published: Wed, 23 Sep 2026 10:48 AM (IST)

ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर वाणिज्य एवं परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा के लिए व्यापक एहतियाती कदम उठाए हैं।

HighLights

  1. भारी बारिश के कारण सभी आरटीओ को हाई अलर्ट पर रखा।

  2. असुरक्षित सड़क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही तत्काल रोकी जाएगी।

  3. सड़क सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन के लिए 24x7 कंट्रोल रूम।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए वाणिज्य एवं परिवहन विभाग ने सड़क उपयोगकर्ताओं और यात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यापक एहतियाती कदम उठाए हैं। वाणिज्य एवं परिवहन मंत्री विभूति भूषण जेना के निर्देश पर राज्य के सभी क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (आरटीओ) को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

निर्देश के अनुसार जहां तेज जलप्रवाह, जलभराव या अन्य कारणों से सड़क मार्ग असुरक्षित हो जाएंगे, वहां तत्काल प्रभाव से वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाएगी। परिवहन आयुक्त अमिताभ ठाकुर ने सभी आरटीओ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर सड़क सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

सभी आरटीओ कार्यालयों में 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के साथ जिला प्रशासन, पुलिस, सड़क निर्माण एजेंसियों और अन्य संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। मौसम और सड़क की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

जलमग्न सड़कों, निचले पुलों, कलवर्ट, अंडरपास, घाटी मार्गों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी होगी। किसी भी सड़क के असुरक्षित पाए जाने पर यातायात प्रतिबंध लागू किया जाएगा और वाहनों को सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
संवेदनशील मार्गों पर पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग एजेंसियों के सहयोग से रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्गों के संवेदनशील स्थलों पर क्रेन और रिकवरी वाहनों को तैयार रखा जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके अलावा अग्निशमन, चिकित्सा सेवाओं, एनएचएआई और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखा जाएगा।

विभाग ने वाहन चालकों से विशेष रूप से रात के समय सावधानी बरतने, नियंत्रित गति से वाहन चलाने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और जोखिमपूर्ण ओवरटेकिंग से बचने की अपील की है। सड़क बंद होने, डायवर्जन, सुरक्षित ठहराव स्थलों और यातायात प्रतिबंधों से संबंधित जानकारी बस मालिकों, मालवाहक संघों, टैक्सी-ऑटो संगठनों, स्कूल परिवहन संचालकों, मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की जाएगी।

परिवहन विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान प्रशासन के निर्देशों और यातायात प्रतिबंधों का पालन करें तथा जोखिम वाले मार्गों पर यात्रा करने से बचें।

यह भी पढ़ें- भारी बारिश को लेकर अलर्ट मोड पर रेलवे, भुवनेश्वर में 24 घंटे का कंट्रोल रूम एक्टिव