ओडिशा: 10वीं की छात्रा को अश्लील मैसेज और प्रपोज करने वाला शिक्षक गिरफ्तार, ग्रामीणों ने की पिटाई
बलांगीर जिले के टिटिलागढ़ में एक गणित शिक्षक को 10वीं की छात्रा को प्रेम प्रस्ताव देने और अश्लील संदेश भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

ग्रामीणों ने की पिटाई (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
गणित शिक्षक पर छात्रा को अश्लील संदेश भेजने का आरोप।
छात्रा के चाचा और ग्रामीणों ने स्कूल में शिक्षक को पीटा।
पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू की।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बलांगीर जिले के टिटिलागढ़ ब्लॉक अंतर्गत सिंधेकेला थाना क्षेत्र की कुसकेला पंचायत स्थित लिमपड़ा स्कूल की एक मैट्रिक (दसवीं) की छात्रा को प्रेम प्रस्ताव देने और अश्लील संदेश भेजने के आरोप में गणित शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार शिक्षक की पहचान टेकर सिंह माझी (30) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, लिमपड़ा स्कूल में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा को शिक्षक लगातार प्रेम प्रस्ताव दे रहा था और उसके मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक एवं अश्लील संदेश भेज रहा था। छात्रा के माता-पिता मजदूरी के लिए तमिलनाडु गए हुए हैं। वह अपने बुजुर्ग दादा और नानी के साथ घर पर रह रही थी।
चाचा ने शिक्षक को दी चेतावनी
आरोप है कि शिक्षक ने इसी स्थिति का फायदा उठाकर छात्रा से संपर्क बढ़ाने की कोशिश की और उसे अश्लील संदेश भेजने लगा। छात्रा के चाचा को जब इस मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने शिक्षक को चेतावनी दी।
परिजनों के बार-बार समझाने के बावजूद शिक्षक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इससे नाराज होकर छात्रा के चाचा और कुछ युवक स्कूल पहुंचे और शिक्षक की पिटाई कर दी।घटना की सूचना मिलने पर सिंधेकेला पुलिस स्कूल पहुंची और शिक्षक को वहां से सुरक्षित निकालकर थाने ले गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
छात्रा के परिवार की ओर से उसके चाचा ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि शिक्षक का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
