ओडिशा में 'ब्लू ड्रम' केस: CCTV का तार काटा, रात में छत पर बुलाया...पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की पति की हत्या
तालचेर ब्लाइंड मर्डर: डेरा क्षेत्र में छत से गिरकर हुई मौत को पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है। ...और पढ़ें

हादसा समझी जा रही थी मौत, CCTV की कटी तार ने खोला हत्या का राज; पत्नी समेत दो गिरफ्तार। (फोटो: एआई जेनरेटेड)
HighLights
तालचेर में छत से गिरकर मौत, पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर सुलझाया।
मृतक की पत्नी और प्रेमी पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार।
सीसीटीवी तार काटे गए, वैज्ञानिक साक्ष्यों से हुआ खुलासा।
जागरण संवाददाता,अनुगुल। अनुगुल के तालचेर में छत से गिरकर हुई सुधीर उर्फ सुरेंद्र कुमार बारिक की मौत को पुलिस ने पहले हादसा माना था, लेकिन घटनास्थल पर सीसीटीवी की कटी तार ने पूरे मामले का रुख बदल दिया। वैज्ञानिक, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ते हुए कोलियरी थाना पुलिस ने कथित ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी पूजा उर्फ सुस्मिता बारिक और उसके कथित प्रेमी जिपुन उर्फ सिद्धांत माझी ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची थी। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
तालचेर के डेरा क्षेत्र में 24 सितंबर को छत से गिरकर हुई सुधीर उर्फ सुरेंद्र कुमार बारिक की मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। शुरुआत में इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान मकान में लगे CCTV का कनेक्शन जानबूझकर काटे जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच का दायरा बढ़ाया।
पुलिस के अनुसार, जांच में मृतक की पत्नी पूजा उर्फ सुस्मिता बारिक और जिपुन उर्फ सिद्धांत माझी के बीच कथित संपर्क की बात सामने आई। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने सुधीर को अपने रास्ते की बाधा मानते हुए उसकी हत्या की योजना बनाई।
कथित साजिश के तहत पहले CCTV कनेक्शन को निष्क्रिय किया गया। इसके बाद जिपुन के चोरी-छिपे परिसर में पहुंचकर मकान के भीतर छिपे रहने की बात जांच में सामने आई। देर रात सुधीर को छत पर ले जाया गया, जहां पुलिस के अनुसार उसके सिर पर बांस की लाठी से वार किया गया। इसके बाद उसे छत से नीचे गिरा दिया गया, ताकि मौत को हादसा या आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
जांच के दौरान पुलिस को छत पर खून के निशान मिले। पुलिस के अनुसार, इन निशानों को धोने और वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्यों को छिपाने या नष्ट करने के कथित प्रयास भी किए गए थे।
पुलिस ने जिपुन के पास से कथित वारदात में इस्तेमाल बांस की लाठी, CCTV कनेक्शन काटने में इस्तेमाल चाकू और लोहे की स्केल, संबंधित कपड़े, मोबाइल फोन और आवाजाही में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
वहीं, पूजा के पास से संबंधित कपड़े, मोबाइल फोन और घटना से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद की गई है। अनुगुल एसपी राहुल जैन की निगरानी में मामले की जांच के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
टीमों ने घटनास्थल का वैज्ञानिक परीक्षण करने के साथ CCTV कनेक्शन, गवाहों के बयान, परिस्थितिजन्य साक्ष्य, तकनीकी जानकारी और भौतिक साक्ष्यों की जांच की। इन्हीं कड़ियों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, जब्त वस्तुओं की फोरेंसिक और जैविक जांच तथा मोबाइल फोन की डिजिटल फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक और अन्य साक्ष्यों के जरिए घटनाक्रम की पूरी कड़ी को वैज्ञानिक तरीके से प्रमाणित करने की प्रक्रिया जारी है।
दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामला कोलियरी थाना केस नंबर 598, दिनांक 24.09.2026 के तहत बीएनएस 2023 की धारा 103(1)/351(2)/61(2)/238(ए) में दर्ज किया गया है।
